India vs Afghanistan T20: भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का हो रहा आगाज, जानें-कब, कहां और कैसे देख पाएंगे मैच?
जीत के साथ शुरुआत पर टीम इंडिया की नजर
India vs Afghanistan T20: नई दिल्ली (सच कहूँ डेस्क/एजेंसी)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मैच रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें आगामी एशियन गेम्स 2026 को ध्यान में रखते हुए इस सीरीज में अपनी रणनीति, खिलाड़ियों के संयोजन और टीम संतुलन को परखना चाहेंगी।
सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है और इसके तीनों मुकाबले दिल्ली में ही आयोजित किए जाएंगे। भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 प्रारूप में दबदबा रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने आठ मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी टीम इंडिया
नई टी20 साइकिल में भारतीय टीम का सफर पूरी तरह एकतरफा नहीं रहा है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम को हार झेलनी पड़ी, लेकिन जिम्बाब्वे के विरुद्ध भारतीय खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए वापसी के संकेत दिए। अब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम अफगानिस्तान के खिलाफ जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगी।
भारतीय स्क्वॉड में अनुभव और युवा जोश का अच्छा संतुलन नजर आ रहा है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी एवं प्रमुख खिलाड़ी टीम की उम्मीदों का केंद्र होंगे। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भी नजरें रहेंगी। उन्होंने हाल में इंग्लैंड दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
अफगानिस्तान के पास मैच का रुख बदलने वाले खिलाड़ी
अफगानिस्तान की कमान इब्राहिम जादरान के हाथों में होगी। टीम में टी20 क्रिकेट के कई अनुभवी और प्रभावशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। रहमानुल्लाह गुरबाज की आक्रामक बल्लेबाजी, राशिद खान की स्पिन गेंदबाजी और मोहम्मद नबी का अनुभव अफगान टीम को मजबूत बनाता है। इसके अलावा मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और फजलहक फारूकी जैसे खिलाड़ी भी भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। अफगानिस्तान की टीम भारत के खिलाफ अपने प्रदर्शन को बेहतर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 से पहले यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुकाबलों के जरिए दोनों टीमें अपने खिलाड़ियों को अलग-अलग परिस्थितियों में आजमाने के साथ-साथ प्लेइंग कॉम्बिनेशन को अंतिम रूप देने की कोशिश करेंगी।
पहला टी20 कब और कहां?
भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर, रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा।
टीवी और ऑनलाइन कहां देख सकेंगे?
भारत-अफगानिस्तान पहले टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप और वेबसाइट के माध्यम से देखी जा सकेगी।
भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।
अफगानिस्तान की टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।