भतीजी से अभद्रता के विरोध पर युवक पर धारदार हथियार से हमला
चुनावी रंजिश में गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ा, सिर में गंभीर चोट लगने से युवक बेहोश, पांच नामजद
हनुमानगढ़। टिब्बी में चुनावी रंजिश को लेकर एक युवती के साथ अभद्र टिप्पणी करने और उसके विरोध में पहुंचे परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी टिब्बी में भर्ती करवाया गया। टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसकी भतीजी किरयाना की दुकान पर घरेलू सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकान पर मौजूद श्रवण सिंह, रामचंद्र, जोगेंद्र सिंह और बिट्टू उर्फ राजकुमार शराब के नशे में थे। चुनावी रंजिश के चलते आरोपियों ने परिवादी की भतीजी और उसके परिवार की महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणियां कीं तथा श्रवण सिंह ने उसे धक्का देकर दुकान से बाहर निकाल दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, घर पहुंचकर लड़की ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और रोने लगी। इसके बाद उसका चचेरा भाई घटना के बारे में पूछने दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि वहां श्रवण सिंह और अन्य आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी तथा सुखदेव सिंह को आवाज देकर अंदर से लोहे की कुल्हाड़ी लाने के लिए कहा।
आरोप है कि इसके बाद सुखदेव सिंह ने गुस्से में आकर युवक के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चोट गहरी होने के कारण उसके सिर से काफी खून बहने लगा और वह बेहोश होकर मौके पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे सीएचसी टिब्बी ले जाया गया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर श्रवण सिंह, रामचंद्र, जोगेंद्र सिंह, बिट्टू उर्फ राजकुमार और सुखदेव सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक शिवनारायण को सौंपी है।