Hanumangarh News: मतदान के दौरान खूनी विवाद, सिर फोड़ने और सोने की चेन छीनने का आरोप

नगर परिषद के वार्ड 59 के मतदान केन्द्र के पास हुआ था विवाद, निर्दलीय प्रत्याशी समेत चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को हुए हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के दौरान गौतम बुद्ध स्कूल स्थित मतदान केन्द्र के पास हुए विवाद के संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। इस दौरान एक व्यक्ति के सिर पर ईंट मारकर घायल करने तथा उसके गले से सोने की चेन तोड़कर ले जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर वार्ड 59 के निर्दलीय प्रत्याशी सहित चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड 60, सुरेशिया निवासी हनुमान वर्मा (53) पुत्र रामप्रताप कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह गौतम बुद्ध स्कूल मतदान केन्द्र के पास खड़ा था। इसी दौरान वार्ड 59 के निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन नायक उर्फ टैनी, उसका रिश्तेदार अनिल, विक्रम पुत्र हनुमान तथा सुंदर नायक वहां पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों का सुभाष की माता विमला देवी के साथ विवाद और हाथापाई हो रही थी। हनुमान वर्मा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोप है कि सुंदर नायक ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि इसके बाद अनिल, सुंदर और विक्रम ने उसके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारकर उसे तोड़ लिया और अपने साथ ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर निरंजन नायक उर्फ टैनी, अनिल, विक्रम पुत्र हनुमान तथा सुंदर नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक चिरंजीलाल शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

About The Author