सरसा-चौपटा रोड पर बाइक से गिरकर महिला गंभीर, गहरे गड्ढों की वजह से प्रतिदिन हो रहे हादसे

दड़बा कलां के पास करीब आधा किलोमीटर सड़क बदहाल

Published On

नाथूसरी चौपटा, (सच कहूँ/भगत सिंह)। सरसा-चौपटा रोड पर गांव दड़बा कलां के समीप सड़क की हालत वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सेमनाला के पास करीब आधा किलोमीटर हिस्से में जगह-जगह सड़क टूट चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह हिस्सा बेहद खतरनाक बना हुआ है।

शुक्रवार को भी गड्ढे में बाइक गिरने से एक महिला सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे चौपटा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार भादरा तहसील के गांव सकरोड़ी निवासी विरेंद्र सिंह बाइक पर अपनी मां कमला देवी को साथ लेकर गांव जा रहा था। दड़बा कलां के समीप सेमनाला के पास पहुंचने पर अचानक बाइक सड़क पर बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। संतुलन बिगड़ने से बाइक पर पीछे बैठी कमला देवी सड़क पर गिर गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी। राहगीरों ने घायल महिला को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया।

बरसात के बाद बिगड़ी सड़क की हालत

ग्रामीणों के अनुसार दड़बा कलां के पास सेमनाला के नजदीक करीब आधा किलोमीटर सड़क पिछले वर्ष मानसून के दौरान हुए जलभराव के बाद से खराब है। पानी जमा रहने के कारण सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए। समय बीतने के साथ इनकी स्थिति और खराब होती गई, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।

ग्रामीण कई बार जता चुके हैं रोष

ग्रामीण महेंद्र सिंह, श्रवण कुमार, जगदीश कुमार और चानण राम ने बताया कि सड़क पर गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं, जबकि कुछ वाहन पलटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। ग्रामीणों और किसानों की ओर से कई बार सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर रोष जताया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे रात के समय और भी ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

About The Author

Related Posts