Ration Depot News: राशन न मिलने की शिकायत पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप, एसडीएम से जांच की मांग
गंदराऊ के कार्डधारक ने राशन डीलर और जांच अधिकारियों पर मिलीभगत का लगाया आरोप
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Ration Depot News: कार्डधारक ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत के बाद जांच को पहुंचे खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों पर राशन डीलर से कथित मिलीभगत करके जनसुनवाई पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है। कार्डधारक ने एसडीएम कैराना को शिकायती-पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
मंगलवार को गांव गंदराऊ निवासी मोहम्मद अरशद ने एसडीएम कैराना शिवाजी यादव को एक शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है। उसका राशन कार्ड गांव मलकपुर के राशन विक्रेता की दुकान से संबद्ध है। आरोप है कि विगत 14 अगस्त को वह राशन लेने के लिए पहुंचा, लेकिन तो डीलर ने मशीन पर फिंगर प्रिंट लेने से इनकार करते हुए खाद्यान्न समाप्त होने की बात कही।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, राशन नहीं मिलने पर उसने 15 अगस्त को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर खाद्य एवं रसद विभाग से जांच टीम गांव में पहुंची। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि जांच के दौरान रिकार्ड के मुकाबले करीब 80 कुंतल खाद्यान्न कम पाया गया। अरशद का आरोप है कि जांच अधिकारियों और राशन डीलर ने मिलीभगत करके उसकी शिकायत पर गलत रिपोर्ट लगा दी। रिपोर्ट में उसके निर्धारित तारीख निकलने के बाद राशन लेने पहुंचने की बात कही गई है, जबकि वह 14 अगस्त को ही राशन लेने गया था। शिकायतकर्ता ने संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में सुरक्षित होने का भी दावा किया है। पीड़ित ने एसडीएम से मामले की अपने स्तर से मोबाइल रिकॉर्डिंग एवं राशन वितरण से संबंधित रिकार्ड की पुनः जांच कराने की मांग की है। साथ ही, आरोप सही पाए जाने पर राशन डीलर व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसडीएम कैराना ने बताया कि मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के पश्चात अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।