विद्यार्थी को श्रेष्ठ जीवन के लिए तैयार करती है वास्तविक शिक्षा: इमरान सिद्दीकी
कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी में इंटर-हाउस वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी में सोमवार को इंटर-हाउस वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के चारों हाउस—ऑक्सफोर्ड हाउस, कैम्ब्रिज हाउस, प्रिंसटन हाउस एवं हार्वर्ड हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय 'क्या विद्यालय बच्चों को केवल परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहा है या फिर जीवन के लिए' रखा गया। विषय की प्रासंगिकता को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य, परीक्षा-केंद्रित शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, समस्या-समाधान एवं निर्णय लेने की क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने तर्क प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने तार्किक चिंतन, विषय की समझ, आत्मविश्वास, वक्तृत्व-कौशल एवं अभिव्यक्ति की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। उनके तर्कों और विचारों ने यह स्पष्ट किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाना भी है। प्रतियोगिता में प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय एवं विपिन चौधरी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों के तर्क, विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति के विभिन्न पक्षों का मूल्यांकन किया।
निर्णायकों द्वारा विद्यार्थियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से आकलन किया गया, जिसमें ऑक्सफोर्ड हाउस प्रथम स्थान पर रहा जबकि प्रिंसटन हाउस द्वितीय स्थान पर रहा। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन नीरजा उपाध्याय ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों को व्यवस्थित एवं रोचक ढंग से संचालित करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक इमरान अहमद सिद्दीकी ने कहा कि परीक्षा में प्राप्त अंक सफलता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव हो सकते हैं, लेकिन वास्तविक शिक्षा वही है जो विद्यार्थी को जीवन के लिए तैयार करें। ज्ञान के साथ-साथ कौशल, आत्मविश्वास, चरित्र, रचनात्मक सोच और सही निर्णय लेने की क्षमता का विकास भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे अवसर प्रदान करता रहेगा। प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास एवं अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने चारों हाउस के विद्यार्थियों को उनके उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को न केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच दिया, बल्कि शिक्षा और जीवन के बीच के गहरे संबंध पर विचार करने का महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान किया।