Sanchi Connect: सांची कनेक्ट का राजस्थान पर बढ़ा फोकस, अगले एक साल में 100 डीप-टेक स्टार्टअप्स को सहयोग देने का लक्ष्य

सांचीकनेक्ट ने राजस्थान पर बढ़ाया फोकस, अगले एक साल में राज्य के 100 डीप-टेक स्टार्टअप्स को सहयोग देने का लक्ष्य

Published On

जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Jaipur News: राजस्थान में डीप-टेक संस्थापकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन कई संस्थापक आज भी अकेले काम कर रहे हैं और उन्हें भारत के बड़े स्टार्टअप हब में मिलने वाली पूंजी, मेंटर्स और एंटरप्राइज़ पार्टनर्स तक सीमित पहुँच मिल पाती है। भारत के प्रमुख डीप-टेक इनेबलमेंट नेटवर्क सांची कनेक्ट के साथ देश के सबसे बड़े डीप-टेक समुदायों में से एक जुड़ा है। यह नेटवर्क 4,000 से अधिक सक्रिय स्टार्टअप्स, 470 से अधिक निवेशकों, 150 से अधिक कॉर्पोरेट्स और 50 से अधिक मेंटर्स को कनेक्ट कर इस स्थिति में बदलाव ला रहा है। वर्तमान में यह संगठन राजस्थान के 134 स्टार्टअप्स के साथ काम कर रहा है और अगले साल 100 और स्टार्टअप्स को सहयोग प्रदान करने की योजना है। साथ ही, एक मज़बूत सपोर्ट इकोसिस्टम भी बना रहा है जिसमें फ़ंडरेज़िंग तक पहुँच, मेंटरशिप और एंटरप्राइज़ लिंकेज जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
 
इससे लाभान्वित होने वाले स्टार्टअप्स में जयपुर की कंपनी मिडऑफ़िस भी शामिल है, जिसने हाल ही में सांचीकनेक्ट की मदद से एक फंडिंग राउंड में रु 12 करोड़ रुपए की धनराशि जुटाई। इसके अलावा मिडऑफ़िस को सांचीकनेक्ट के एसएमई पार्टनर नेटवर्क के ज़रिए बिज़नेस कनेक्शन और लिंक भी मिल रहे हैं - संगठन आने वाले साल में इस मॉडल को राजस्थान के और भी स्टार्टअप्स के लिए अपनाना चाहता है।
 
इन योजनाओं पर बात करते हुए डॉ सुनील शेखावत, सह-संस्थापक एवं सीईओ, सांचीकनेक्ट ने कहा, ‘‘राजस्थान में उद्यमी प्रतिभा की कमी नहीं है- लेकिन यहां के संस्थापकों के पास अक्सर एक सिंगल एवं कनेक्टेड इकोसिस्टम नहीं होता, जो उन्हें पूंजी, मेंटरशिप, मार्केट के अवसर और उद्योग जगत का नेटवर्क एक साथ सुलभ बना सके। अगले साल में हमने स्टार्ट-अप्स, इन्क्युबेटर्स, एक्सेलरेटर्स, अकादमिक संस्थानों, कॉर्पोरेट्स, निवेशकों एवं सरकारी हितधारकों के साथ साझेदारियां करने का लक्ष्य रखा है। हम राजस्थान को मजबूत और कनेक्टेड डीपटेक इनोवेशन इकोसिस्टम के रूप में स्थापित करना चाहते हैं, जो राज्य की सीमाओं से बढ़कर भी स्टाटर्टअप्स के लिए मार्ग प्रशस्त करे।’’
 
अगले साल, सांचीकनेक्ट राजस्थान से डीप-टेक स्टार्टअप्स की एक मज़बूत पाइपलाइन बनाने, संस्थापकों को निवेशकों, कॉर्पोरेट्स एवं मेंटर्स के साथ जोड़ने तथा प्रतिभाशाली उद्यमों को कॉर्पोरेट इनोवेशन एवं पायलट प्रोजेक्ट्स के मौके दिलाने की योजना बना रही है। संगठन इकोसिस्टम बनाने वाले प्रोग्राम और फ़ाउंडर एंगेजमेंट पहल भी चलाएगी, जिनका मकसद राजस्थान के डीप-टेक स्टार्टअप्स को देश और दुनिया में ज़्यादा पहचान दिलाना है।
 
इन कोशिशों के ज़रिए, सांचीकनेक्ट स्थानीय हितधारकों के साथ मिलकर राजस्थान में अपनी मौजूदगी को सशक्त बनाना चाहता है, साथ ही राज्य के डीप-टेक स्टार्टअप्स राज्य की सीमाओं से बढ़कर अवसर उपलब्ध कराना चाहता है।

About The Author

Related Posts