NEET UG 2026: मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी, MBBS की 13,186 नई सीटें मंजूर; जानें किस राज्य को कितना फायदा
NEET UG 2026: मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी, MBBS की 13,186 नई सीटें मंजूर; जानें किस राज्य को कितना फायदा
NEET UG 2026 Counselling: नीट यूजी 2026 काउंसलिंग के बीच मेडिकल उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए देशभर में 13,186 नई MBBS सीटों को मंजूरी दी है। सीटों में इस बढ़ोतरी के बाद देश में कुल स्वीकृत MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 1,40,214 हो गई है। इससे पहले देशभर में कुल 1,27,028 MBBS सीटें उपलब्ध थीं।
नई सीटों के बढ़ने से मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की उम्मीद कर रहे छात्रों को राहत मिलेगी। हालांकि, सीटों का इजाफा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक समान नहीं हुआ है। कुल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 27 जगहों पर MBBS सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि 7 जगहों पर सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा 1,650 सीटें बढ़ीं
नई MBBS सीटों के मामले में कर्नाटक सबसे आगे है। राज्य में 1,650 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इसके बाद कर्नाटक में कुल MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 15,745 हो गई है। ये सीटें राज्य के 76 मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध हैं।
कर्नाटक के बाद तमिलनाडु का नंबर है। यहां 1,250 नई MBBS सीटें जोड़ी गई हैं, जिसके बाद राज्य में कुल सीटों की संख्या 14,299 हो गई है।
बिहार तीसरे स्थान पर है। राज्य में MBBS की 1,240 सीटों का इजाफा हुआ है। नई सीटों के बाद बिहार में कुल MBBS सीटें बढ़कर 4,660 हो गई हैं।
वहीं उत्तर प्रदेश में 1,200 नई सीटें मंजूर की गई हैं। इसके बाद यूपी में MBBS सीटों की कुल संख्या 14,400 हो गई है।
टॉप-5 में राजस्थान भी शामिल
MBBS सीटों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी वाले राज्यों की सूची में राजस्थान पांचवें स्थान पर है। यहां 1,100 नई MBBS सीटें जोड़ी गई हैं। इसके बाद राज्य में कुल सीटों की संख्या 8,280 हो गई है।
इन पांच राज्यों में कुल 6,440 नई MBBS सीटें बढ़ाई गई हैं। अकेले कर्नाटक, तमिलनाडु, बिहार और उत्तर प्रदेश में ही 5,340 सीटों का इजाफा हुआ है।
इसके अलावा:
- तेलंगाना: 1,010 सीटें
- पश्चिम बंगाल: 975 सीटें
- महाराष्ट्र: 550 सीटें
- आंध्र प्रदेश: 525 सीटें
- झारखंड: 520 सीटें
- मध्य प्रदेश: 520 सीटें
- हरियाणा: 350 सीटें
- केरल: 300 सीटें
इन राज्यों में भी बढ़ी MBBS सीटें
NMC के अपडेटेड सीट मैट्रिक्स के अनुसार कई अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी MBBS सीटों की संख्या बढ़ाई गई है।
- गुजरात: 250 सीटें
- पुडुचेरी: 200 सीटें
- उत्तराखंड: 200 सीटें
- जम्मू-कश्मीर: 175 सीटें
- असम: 100 सीटें
- ओडिशा: 100 सीटें
- सिक्किम: 100 सीटें
- चंडीगढ़: 50 सीटें
- गोवा: 50 सीटें
- पंजाब: 50 सीटें
- त्रिपुरा: 50 सीटें
- मणिपुर: 25 सीटें
- हिमाचल प्रदेश: 1 सीट
वहीं दिल्ली, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा दादरा एवं नगर हवेली में MBBS सीटों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
नई सीटों में प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की बड़ी हिस्सेदारी
NMC के अपडेटेड सीट मैट्रिक्स के मुताबिक, बढ़ाई गई 13,186 नई MBBS सीटों में से 10,400 सीटें प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में जोड़ी गई हैं। वहीं सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2,786 नई सीटों की बढ़ोतरी हुई है।
इस तरह नई सीटों में प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों की हिस्सेदारी काफी बड़ी है। कुल सीटों में बढ़ोतरी के बाद देशभर में अब 1,40,214 स्वीकृत MBBS सीटें हो गई हैं।
काउंसलिंग में सीट मैट्रिक्स का रखना होगा ध्यान
NMC ने काउंसलिंग अथॉरिटीज को निर्देश दिया है कि मेडिकल एडमिशन स्वीकृत सीट मैट्रिक्स के अनुसार ही किया जाए। यदि सीट मैट्रिक्स में किसी तरह की गड़बड़ी या अंतर सामने आता है तो मामले को मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) के सामने रखा जाएगा।
NEET UG 2026 काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए सीटों में यह बढ़ोतरी महत्वपूर्ण है। इससे खासतौर पर उन छात्रों के लिए मेडिकल कॉलेज में MBBS सीट हासिल करने के विकल्प बढ़ सकते हैं, जो इस साल काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं।