महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे पंकज शर्मा ने बीकानेर-चुरु रेल मार्ग का किया निरीक्षण

संरक्षा संवाद कार्यक्रम में रेल कर्मियों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर किया संवाद

Published On

बीकानेर (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ एवं चूरू रेलवे स्टेशनों का तथा रेल मार्ग के दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर चल रहे विकास एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों तथा रेल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार महाप्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे पंकज शर्मा बीकानेर से विशेष निरीक्षण कार (SPIC) से ट्रैक का निरीक्षण करते हुए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलखंड में ट्रैक, सिग्नल, परिचालन एवं रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। श्रीडूंगरगढ़ स्टेशन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म लेवल को ऊंचा करने तथा प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात महाप्रबंधक रतनगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक/ रतनगढ़ पूसाराम गोदारा ने महाप्रबंधक से जन की  विभिन्न मांगों एवं यात्री सुविधाओं के सम्बन्ध चर्चा की।  इसके पश्चात चूरू रेलवे स्टेशन पहुंच कर  महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हो रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की सहित स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन की एकीकृत क्रू लॉबी का भी निरीक्षण किया। चुरु स्टेशन पर पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों एवं योजनाओं की  जानकारी दी। 

संरक्षा संवाद में रेलकर्मियों से किया सीधा संवाद

महाप्रबंधक ने चूरू स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण कर रनिंग स्टाफ के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात रनिंग कर्मचारियों के साथ आयोजित संरक्षा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने रेल कर्मचारियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। इस दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि संरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाए तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। 

महाप्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों को सजगता, सतर्कता एवं पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा संरक्षा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर गौरव गोविल सहित मुख्यालय एवं  बीकानेर मंडल के  अधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pankaj-Sharma-Bikaner

Bikaner-Rail-Mandal

About The Author