Bhajan Lal Sharma: हम सौभाग्यशाली है, हमें मिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नेतृत्व

प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव को जनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी

Published On

Bhajan Lal Sharma: जयपुर, (सच कहूँ न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’ का शुभारंभ करेगी। अभियान की प्रदेश कार्यशाला शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई। कार्यशाला में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक रूपरेखा को लेकर चर्चा की गई।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें ऐसा नेतृत्व मिला है, जो जनकल्याण, गरीब, युवा, महिला और किसान के उत्थान तथा देश-दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने की सोच के साथ राजनीति को सेवा का माध्यम मानकर कार्य कर रहा है। ऐसे सेवाभावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व सदियों में मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद का भारत परिवर्तनकारी भारत रहा है, जबकि इससे पहले देश भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और आतंकवाद जैसी समस्याओं से घिरा हुआ था। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इस परिवर्तन की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि 21वीं सदी में भारत का गौरव बढ़ाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि विकास एवं जनकल्याण के इन कार्यों को आमजन तक पहुंचाएं। 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान में विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

उन्होंने कहा कि हमें आमजन के साथ-साथ उन लोगों को भी देश के विकास की वास्तविक तस्वीर बतानी होगी, जिन्हें देश की प्रगति स्वीकार नहीं हो रही है। देश की जनता भारतीय जनता पार्टी की ओर बड़ी उम्मीद से देखती है और हमें जनता की उस उम्मीद को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवारवाद से परे हटकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पित भाव को जनता तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान'  के तहत 17 सितंबर से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चला रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विषम परिस्थितियों में भी भारत का गौरव बढ़ाया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कुशल नीतियों के माध्यम से उन्होंने औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और देश के प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक कार्य करते हुए विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया।

Madan Rathore

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उल्लेखनीय कार्यों को इस अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भाजपा कार्यकर्ताओं को करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन नई पीढ़ी को राष्ट्रीय चरित्र, राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे में एक माह तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से विभिन्न प्रकल्पों को प्रभावी रूप से प्रदेशभर में आयोजित कर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

अभियान की क्षेत्रीय प्रभारी, राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने प्रदेश कार्यशाला में 17 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रकल्पों के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सपनों का भारत—सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा—सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’, ‘जन सेवा महाकुंभ’, ‘रक्तदान महादान’ तथा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रदेश, जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक किया जाएगा।

डॉ. पाटीदार ने बताया कि अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रत्येक घर, विशेषकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के विद्यालयों में चित्रकारी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न कार्यक्रम एवं अभिनंदन समारोह आयोजित होंगे।

‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत देश में आए सकारात्मक बदलावों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव एवं काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसी प्रकार अन्य प्रकल्पों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनहितकारी एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के चहुंमुखी विकास और सेवा की गाथा को प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक टोलियां बनाकर जन-जन तक पहुंचाना होगा। प्रत्येक अभियान में सरकार के मंत्रियों, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों एवं संबंधित जिलों के सदस्यों को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, दिया कुमारी, कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, जोगाराम कुमावत, मंजू बाघमार, सुमित गोदारा, संजय शर्मा, सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, गौतम दक एवं हेमंत मीणा सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न अभियानों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि इन अभियानों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।कार्यशाला में मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद एवं ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के राष्ट्रीय प्रभारी वी.डी. शर्मा तथा उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा मंच पर उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने किया। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा महामंत्री कैलाश मेघवाल ने प्रस्तावना रखी तथा महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

About The Author

Related Posts