लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर धमकी देने वाली महिला जयपुर से गिरफ्तार
शामली पुलिस ने राजस्थान के जयपुर पहुंचकर आरोपी महिला को दबोचा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। स्वयं को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष को व्हाट्सएप और मेसेंजर पर जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को शामली पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को पुलिस ने चालान करके कारागार के लिए रवाना कर दिया है।
विगत 09 सितंबर को अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी निवासी ग्राम जंधेड़ी थाना गढ़ीपुख्ता को अज्ञात महिला ने सोशल मीड़िया प्लेटफार्म व्हाटसएप्प व मेसेंजर के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी महिला ने स्वयं को कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताया था। घटना के सम्बन्ध में शमुकुल चौधरी की तहरीर के पर थाना गढ़ीपुख्ता पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शामली घटना के दृष्टिगत थाना गढ़ीपुख्ता, साइबर थाना एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमों का गठन करके घटना के शीघ्र अनावरण एवं आरोपी महिला की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार विभिन्न प्रकार के अपराध की घटनाओं में लिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के अनुपालन में थाना गढ़ीपुख्ता पुलिस ने कुख्यात अपराधी लारेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर मुकुल चौधरी को व्हाटसएप्प व मेसेंजर के माध्यम जान से मारने की धमकी देने की घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी महिला बिन्दु देवी निवासी बी-8 विजय नगर-2 करतारपुरा अजमेर रोड़ थाना महेश नगर, जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई आरोपी महिला के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाईल फोन बरामद हुआ है। आरोपी महिला को पुलिस ने जेल रवाना कर दिया है।
लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मानती है महिला आरोपी
पुलिस पूछताछ में महिला आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के जिला बक्शर की रहने वाली हैं, जो करीब 12 बर्ष पूर्व अपने पति नन्दजी के साथ राजस्थान के जयपुर आ गयी थी। वह करीब 08 वर्षो से अपने पति से अलग होकर अपनी बच्चों के साथ करतारपुरा अजमेर रोड़ थाना महेश नगर जयपुर राजस्थान में रह रही हैं। वह लॉरेंस बिश्नोई से प्रेम करती है तथा उसे अपना पति मानती है, जबकि उसकी आज तक लारेंस बिश्नोई अथवा उसके किसी अन्य साथी से मुलाकात नहीं हुई है। शिकायतकर्ता द्वारा अपनी न्यूज रिपोर्टिंग के दौरान लॉरेंस बिश्नोई एवं उसके गैंग के सम्बन्ध में कही गई बातों से क्षुब्ध होकर उसने जान से मारने की धमकी दी थी।