UP Crime News: गोंडा में पुलिस वाहन पर हमला करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार
माफी मांगते वीडियो आया सामने
गोंडा (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस गश्ती वाहन पर कथित पथराव और फरसे से हमला करने के मामले में कौड़िया पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की पहचान छिरास गांव निवासी गिरवर दयाल उर्फ नागा और शिवदयाल उर्फ सचिन उर्फ ददऊ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी सोमवार तड़के करीब चार बजे की गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना छह और सात अगस्त की मध्यरात्रि छिरास गांव में हुई। गश्त के दौरान पीवीआर पर पथराव की सूचना मिलने के बाद कौड़िया थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दोनों भाइयों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला किया और फरसे से भी वार करने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के संबंध में कौड़िया थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
गिरफ्तारी के बाद माफी मांगते दिखे आरोपी
गिरफ्तारी के बाद सामने आए एक वीडियो में दोनों आरोपी पुलिस से माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे ऐसी घटना न दोहराने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों के खिलाफ कौड़िया थाने में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस हमले के कारणों, कथित रूप से इस्तेमाल किए गए हथियारों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सीओ करनैलगंज आनंद राय के अनुसार, पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।