संसदीय चुनाव से पहले गोलीबारी, तीन की मौत, 15 घायल
फिलीपींस में मतदान केंद्र के बाहर हुई हिंसा
Philippines Election Violence: मनीला (सच कहूँ/एजेंसी)। फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में चुनाव से ठीक पहले हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। कोटाबाटो सिटी में रविवार देर रात मतदान केंद्र के बाहर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। यह वारदात बांगसमोरो ऑटोनॉमस रीजन इन मुस्लिम मिंडानाओ (BARMM) में ऐतिहासिक संसदीय चुनाव के मतदान से ठीक पहले हुई। सोमवार को क्षेत्र में पहली निर्वाचित संसद के गठन के लिए मतदान शुरू हुआ।
कतार में जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, मतदान केंद्र के बाहर वोट डालने के लिए लोगों की कतार लगी थी। इसी दौरान अपनी बारी और कतार में स्थान को लेकर दो प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गुटों से जुड़े लोगों के बीच विवाद हो गया। मामला पहले कहासुनी और धक्का-मुक्की तक पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले इलाके में गोलियां चलने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
BARMM में पहली निर्वाचित संसद के गठन के लिए हो रहे इस चुनाव में 13 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार 80 संसदीय सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। क्षेत्र में करीब 24 लाख पंजीकृत मतदाता मतदान के पात्र हैं। चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। मतदान केंद्रों पर 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दलों को भी तैयार रखा गया है।
लंबे संघर्ष के बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुरुआत
BARMM में होने वाला यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन की कवायद नहीं है, बल्कि इसे दशकों से चले आ रहे संघर्ष के बाद क्षेत्र में लोकतांत्रिक स्वशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्षेत्रीय स्वायत्तता की मौजूदा व्यवस्था 2014 में मनीला सरकार और मुस्लिम अलगाववादी समूहों के बीच हुए शांति समझौते के बाद अस्तित्व में आई थी। अंतरराष्ट्रीय साझेदार और शांति निगरानी से जुड़े संगठन इस चुनाव को स्वायत्त शासन की लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अहम परीक्षा मान रहे हैं। लंबे समय तक चले संघर्ष में 1.20 लाख से अधिक लोगों की जान जाने और करीब 20 लाख लोगों के विस्थापित होने का उल्लेख किया जाता है। ऐसे में मतदान से ठीक पहले हुई गोलीबारी ने क्षेत्र में सुरक्षा और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने वीडियो संदेश के जरिए लोगों से मतदान में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने चुनाव को BARMM में स्थायी शांति, लोकतांत्रिक शासन और आत्मनिर्णय की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। राष्ट्रपति ने इसे क्षेत्र और पूरे फिलीपींस के लिए ऐतिहासिक एवं निर्णायक अवसर करार देते हुए मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।