हिसार में पूर्व सरपंच की रॉड मारकर हत्या, बेटे पर लगा आरोप; अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान पहुंची पुलिस

हिसार में पूर्व सरपंच की रॉड मारकर हत्या, बेटे पर लगा आरोप; अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान पहुंची पुलिस

Published On

हिसार संदीप सिंहमार।। हरियाणा के हिसार जिले के गांव खारिया में पूर्व सरपंच हवा सिंह (65) की रॉड मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। हत्या का आरोप उसके बेटे बबलू पर लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार भिजवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पत्नी और बेटों से अलग रहता था हवा सिंह

जानकारी के मुताबिक, हवा सिंह अपनी पत्नी और बेटों से अलग चंदन नगर में रहता था। वह शराब कारोबार से जुड़ा हुआ था और कई शराब ठेकों में उसकी पार्टनरशिप बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात उसका बेटा बबलू कुछ साथियों के साथ हवा सिंह के पास पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों में हाथापाई शुरू हो गई और एक-दूसरे पर हमला करने की बात सामने आई है।

इसी दौरान बबलू ने कथित तौर पर हवा सिंह के सिर पर रॉड से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद हवा सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। झगड़े के दौरान बबलू को भी चोटें आईं, जिसके बाद वह हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गया।

2005 से 2010 तक गांव का सरपंच रहा हवा सिंह

हवा सिंह गांव खारिया में वर्ष 2005 से 2010 तक सरपंच रहा था। क्षेत्र में उसकी पहचान पूर्व सरपंच के रूप में थी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान पहुंची पुलिस

बताया जा रहा है कि सुबह निजी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बबलू पिता के शव का अंतिम संस्कार करवाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार भेज दिया। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी।

About The Author

Related Posts