PRTC Bus Accident: पीआरटीसी बस से भिड़ी स्कूल वैन, चालक सहित कई बच्चे घायल
पीआरटीसी बस से भिड़ी स्कूल वैन, चालक सहित कई बच्चे घायल
बरेटा (सच कहूँ/कृष्ण भोला)। School Van Accident: पंजाब के मानसा जिले में बरेटा के पास सोमवार सुबह एक निजी स्कूल वैन के पीआरटीसी बस से टकराने से वैन चालक समेत कई स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा बुढलाडा-जाखल मार्ग पर डायलपुरा गांव के पास करीब सुबह 7.30 बजे हुआ। निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर बरेटा की ओर जा रही थी, जबकि पीआरटीसी बस मानसा से हरियाणा के जाखल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई।
बस चालक ने मोटरसाइकिल को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाए, जिसके कारण पीछे से आ रही स्कूल वैन बस से जा टकराई। हादसे में वैन चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी एक टांग टूटने की जानकारी है। वहीं कुछ बच्चों को भी चोटें लगी हैं। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बरेटा थाना प्रभारी गणेश्वर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि वैन चालक को काफी चोट लगी हैं।