जम्मू-कश्मीर से लापता बच्चा भिवानी में मिला, सीडब्ल्यूसी व क्राइम ब्रांच के प्रयासों से परिजनों को सौंपा
जम्मू-कश्मीर से लापता बच्चा भिवानी में मिला, सीडब्ल्यूसी व क्राइम ब्रांच के प्रयासों से परिजनों को सौंपा
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी में जिला बाल कल्याण समिति और पुलिस प्रशासन की सजगता से एक सराहनीय और मानवीय कार्य सामने आया है। जम्मू-कश्मीर से लापता हुआ एक मासूम बच्चा शुक्रवार को भिवानी के गौरक्षा दल भिवानी को लावारिस हालत में मिला था। जिसके बाद गौरक्षा दल के प्रधान संजय परमार ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तुरंत क्राइम ब्रांच भिवानी के सुपुर्द किया। क्राइम ब्रांच भिवानी की टीम ने बच्चे को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) भिवानी के समक्ष पेश किया।
बच्चे की सुरक्षा और देखरेख को प्राथमिकता देते हुए सीडब्ल्यूसी भिवानी के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर के निदेर्शानुसार उसे ओपन शेल्टर होम में भिजवा दिया, ताकि जब तक उसके घर और परिजनों का पता न चले, तब तक वह पूरी तरह सुरक्षित माहौल में रह सके। सीडब्ल्यूसी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमों के निरंतर प्रयासों के बाद पता चला कि बच्चा मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का रहने वाला है। इसके तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया और बच्चे के परिजनों की जानकारी जुटाई गई। परिजनों से संपर्क होने पर उन्हें भिवानी बुलाया गया और पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए बच्चे का पुनर्वास सुनिश्चित किया गया। सभी आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) भिवानी के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर ने इस सफल अभियान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनका सही पुनर्वास ही बाल कल्याण समिति का प्राथमिक उद्देश्य है। क्राइम ब्रांच, पुलिस विभाग और बाल संरक्षण इकाई के सदस्यों के अथक प्रयासों से यह संभव हो पाया है। इस पूरे आॅपरेशन और पुनर्वास प्रक्रिया को सफल बनाने में क्राइम ब्रांच टीम से एएसआई मंजीता, एएसआई विनोद, और हेड कांस्टेबल मंजीत, सीडब्ल्यूसी संदस्य सतेंद्र तंवर, अधिवक्ता धीरज सैनी, नीलम रानी, और दिनेश अत्री, सपोर्ट पर्सन हेमलता, लक्ष्मी भारद्वाज, और दीपाली, डीसीपीओ यूनिट से पीओ संदीप और सोशल वर्कर रिंकू का विशेष योगदान रहा।