Rajasthan Local Body Elections 2026: पोखरण, उदयपुर व सीकर का चुनाव परिणाम, जानें, किसने बनाई बढ़त, किसका दबदबा, कौन आगे?

उदयपुर में BJP का दबदबा, सीकर में कांग्रेस आगे; जयपुर में भी भाजपा ने बनाई बढ़त

Published On

Rajasthan Local Body Elections 2026: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना के बाद प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और कस्बों में चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। उदयपुर नगर निगम में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 80 में से 53 वार्ड अपने नाम किए, जबकि सीकर नगर परिषद में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए 65 में से 38 वार्डों में जीत हासिल की।

जैसलमेर के पोखरण में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा। वहीं जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में से अब तक 120 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। उपलब्ध नतीजों में भाजपा 63 सीटों के साथ आगे चल रही है। कांग्रेस को 44 वार्डों में जीत मिली है, जबकि 13 सीटें अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गई हैं।

पोखरण में कांग्रेस ने भाजपा पर बनाई मामूली बढ़त

जैसलमेर जिले की पोखरण नगर पालिका के सभी 25 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। छह राउंड में पूरी हुई मतगणना में कांग्रेस ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 11 सीटों पर विजयी रही। दो वार्ड निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गए।

पोखरण में कुछ मुकाबले बेहद करीबी रहे। कांग्रेस की हेमलता ने वार्ड नंबर 1 में 378 मतों से जीत हासिल की। वार्ड 20 में कांग्रेस के लक्ष्मण राम ने 448 मतों से जीत दर्ज की। वहीं वार्ड 25 में राधा देवी 213 मतों से विजयी रहीं। वार्ड 11 में कांग्रेस की मधुबाला ने सिर्फ एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।

वार्ड 19 में कांग्रेस के मुकेश दो मतों के मामूली अंतर से विजेता बने। भाजपा की ओर से वार्ड 5 में रेखा माली ने 334 मतों, वार्ड 2 में जेठाराम ने 189 मतों और वार्ड 15 में प्रेमलता ने 134 मतों से जीत हासिल की।निर्दलीय प्रत्याशियों में भंवरलाल ने वार्ड 9 में 30 मतों और श्रीवल्लभ शर्मा ने वार्ड 14 में 24 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

उदयपुर में BJP को स्पष्ट बहुमत

उदयपुर नगर निगम के सभी 80 वार्डों के परिणाम सामने आ चुके हैं। यहां भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 वार्डों में जीत दर्ज की। कांग्रेस के 23 प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि एक सीट माकपा और तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं। उदयपुर में भाजपा के इस प्रदर्शन के बाद लगातार सातवीं बार भाजपा बोर्ड बनने की स्थिति बनती नजर आ रही है। कांग्रेस के लिए यह परिणाम स्थानीय स्तर पर एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

सीकर में कांग्रेस का दबदबा

सीकर नगर परिषद के 65 वार्डों के नतीजों में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ते हुए मजबूत प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने 38 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 22 सीटें मिलीं। चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। सीकर के वार्ड नंबर 18 का परिणाम खासा दिलचस्प रहा।

यहां कांग्रेस प्रत्याशी साबिर और आरएलपी प्रत्याशी यूनुस खान को बराबर वोट मिले। इसके बाद नियमानुसार लॉटरी की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें आरएलपी के यूनुस खान विजेता घोषित हुए। इस जीत के साथ सीकर नगर परिषद में आरएलपी ने अपना खाता खोला। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी तथा एसपी प्रवीण नायक नुनावत ने शांतिपूर्ण मतदान और मतगणना संपन्न होने पर मतदाताओं एवं आमजन का आभार जताया।

खाटूश्यामजी में भी मुकाबला रोचक

खाटूश्यामजी के 20 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला देखने को मिला। कांग्रेस की ओर से सागर मल, राजेश रैगर, आसु देवी, उर्मिला देवी, लक्ष्मी देवी, विनीता पूनिया, निरंजन कुमार और गौरी शंकर ने जीत दर्ज की। भाजपा के दुर्गा देवी, भवानी सिंह, कैलाश चन्द्र शर्मा, सुनीता कुमारी, सुशीला, जितेन्द्र कुमार मुंडोतिया और प्रेम विजयी रहे। वार्ड नंबर 8 में आरएलपी के ओम प्रकाश ने जीत हासिल की, जबकि वार्ड 15, 16 और 18 में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी।

About The Author

Related Posts