Sadulshahar Election Results: सादुलशहर में 22 निर्दलीयों की फ़तेह! खीचड़ बोले-भाजपा का बोर्ड बनाएंगे

22 निर्दलीय जीते, ''प्रदेश नेतृत्व का फोन आया, कल जयपुर बुलाया''

Published On

Sadulshahar Election Results: सादुलशहर (कुलदीप गोयल)। नगरपालिका चुनाव के परिणामों ने सादुलशहर की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। 25 वार्डों में से 22 पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के दो और कांग्रेस का एक प्रत्याशी विजयी हुआ है। खास बात यह है कि इनमें अधिकांश निर्दलीय प्रत्याशियों को प्रदीप खीचड़ गुट का समर्थन प्राप्त था। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद खीचड़ गुट ने सभी वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारे थे और अब 22 वार्डों में जीत के बाद गुट ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।

नतीजे घोषित होने के बाद प्रदीप खीचड़ समर्थक नाचते-गाते हुए सादुलशहर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान प्रदीप खीचड़ ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि उनके पास भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की ओर से लगातार फोन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कल जयपुर बुलाया गया है और भाजपा का सिंबल देने की बात कही गई है। खीचड़ ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं और सादुलशहर नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी का ही बोर्ड बनाएंगे।

दरअसल, मतदान के दिन वार्ड नंबर पांच में प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में विधायक गुट पर आरोप लगाए गए थे। इसके बाद खीचड़ ने सादुलशहर थाना प्रभारी पर पक्षपात के आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की थी। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों ने इसी मांग को लेकर थाने पर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों और खीचड़ गुट के लोगों के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। एडिशनल एसपी दीपक शर्मा ने बताया कि मामले में परिवाद लिया गया है और आचार संहिता के चलते विभागीय जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता समाप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सादुलशहर के चुनाव परिणामों ने जहां निर्दलीयों की मजबूत स्थिति सामने ला दी है, वहीं अब खीचड़ के भाजपा के साथ बोर्ड बनाने के दावे ने नगरपालिका की आगामी राजनीति को बेहद दिलचस्प बना दिया है।

About The Author

Related Posts