मुनाफावसूली, वैश्विक दबाव में टूटा शेयर बाजार
बीच कारोबार में यह ऊपर 84,662.96 अंक और नीचे 82,395.88 अंक तक गया
मुंबई। ऊंचे भाव पर हुई मुनाफावसूली और विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के कारण सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गई। बीएसई की 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,483.72 अंक (1.77 प्रतिशत) लुढ़ककर 82,435.99 अंक पर बंद हुआ। 502 अंक की बढ़त में खुलने के बाद सूचकांक में आज 2,266 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। बीच कारोबार में यह ऊपर 84,662.96 अंक और नीचे 82,395.88 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी हरे निशान में खुलने के बाद 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत नीचे 25,349.65 अंक पर बंद हुआ। अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को रही बड़ी गिरावट का असर आज घरेलू बाजार पर दिखा। साथ ही ऊंचे भाव पर हुई मुनाफावसूली से भी बाजार में गिरावट रही। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक नौ महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर रहे थे।
वृहत बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.07 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.66 प्रतिशत टूट गया।
बैंकिंग एवं वित्तीय सेक्टरों पर अधिक दबाव देखा गया। निफ्टी बैंक 3.17 फीसदी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 2.49 प्रतिशत गिर गया। धातु समूह का सूचकांक 3.68 फीसदी और तेल एवं गैस 2.01 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। ऑटो, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन समूहों में भी गिरावट रही।
आईटी समूह का सूचकांक 1.69 प्रतिशत ऊपर रहा। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियल्टी समूहों में भी तेजी देखी गई। एनएसई में जिन 3,750 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,455 के शेयरों में गिरावट और 1,179 में तेजी रही। अन्य 116 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा स्टील में सबसे अधिक 8.16 फीसदी की गिरावट रही। एक्सिस बैंक शेयर 3.95 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक का 3.39 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक का 3.22 प्रतिशत टूट गया। भारतीय स्टेट बैंक 2.91 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक 2.52, एलएंडटी 2.36, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.36 और बजाज फाइनेंस 2.08 प्रतिशत के नुकसान में बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.64 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर और ट्रेंट दोनों का 1.61, एनटीपीसी का 1.53, पावरग्रिड का 1.30, बीईएल का 1.26, भारती एयरटेल का 1.18, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.17 और सन फार्मा का 1.12 प्रतिशत नीचे रहा। इंडिगो, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व और इटरनल के शेयर भी लाल निशान में रहे।
टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 3.47 प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा में 2.13 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.94 और टाइटन में 1.33 प्रतिशत की तेजी रही। आईटीसी, इंफोसिस, मारुति सुजुकी और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी बढ़त में बंद हुए। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 5.06 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.12 प्रतिशत टूट गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.15 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.76 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.52 प्रतिशत ऊपर था।
Comments