India-Pakistan hockey: भारत-पाक हॉकी मुकाबला जालंधर में होगा, पाकिस्तानी टीम आएगी पंजाब
27 अक्तूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होगा टूर्नामेंट
India-Pakistan hockey: चंडीगढ़, (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। पंजाब में होने जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के दौरान भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत को लेकर बनी प्रतीक्षा अब खत्म हो गई है। पाकिस्तान की हॉकी टीम भारत आएगी और पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में हिस्सा भी लेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पाकिस्तान की भागीदारी की पुष्टि करते हुए कहा कि बहु-देशीय टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी टीम अगले महीने भारत की यात्रा करेगी।
पंजाब पहली बार इस स्तर के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होगी। लीग चरण और उद्घाटन समारोह जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। हॉकी इंडिया ने भी टूर्नामेंट की तारीखों और दोनों मेजबान शहरों की पुष्टि की है।
सबसे बड़ा मुकाबला 1 नवंबर को ‘पंजाब दिवस’ के दिन शाम 7 बजे जालंधर में भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। दोनों टीमों के मुकाबले को लेकर पंजाब ही नहीं, बल्कि देशभर के हॉकी प्रेमियों में उत्साह है। पाकिस्तान की भारत यात्रा इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल संबंधों पर प्रतिबंध हैं, लेकिन बहु-देशीय खेल प्रतियोगिताओं में दोनों टीमें हिस्सा ले सकती हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पंजाब में होने वाली यह चैंपियनशिप सिर्फ एक खेल मुकाबला नहीं, बल्कि उस धरती पर हॉकी की वापसी है, जिसने भारतीय हॉकी को कई महान खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की मिट्टी ने बलबीर सिंह सीनियर, ऊधम सिंह, अजीत पाल सिंह समेत कई ओलंपियन और राष्ट्रीय कप्तान पैदा किए हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 में भी पंजाब के 10 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था और हरमनप्रीत सिंह ने टीम की अगुवाई की थी।भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए 25.40 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें से 22.96 करोड़ रुपये दोनों मुख्य स्टेडियमों के अपग्रेडेशन पर खर्च किए जा रहे हैं। जालंधर के सुरजीत हॉकी स्टेडियम के लिए 14 करोड़ रुपये और मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के लिए 8.96 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। यदि किसी टीम के हटने की स्थिति बनती है तो ओमान या बांग्लादेश को रिजर्व टीम के रूप में मौका मिल सकता है। भगवंत मान ने विशेष रूप से ऐलान किया कि किसी भी मैच के लिए टिकट की जरूरत नहीं होगी। इस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, डायरेक्टर जनरल कमांडर आर.के. श्रीवास्तव, कार्यकारी बोर्ड सदस्य आर.पी. सिंह, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और अन्य उपस्थित थे।