जिला स्तरीय कल्चर फेस्ट में ओवरऑल चैंपियन बना साहुवाला-2 द्वितीय, नाथूसरी कलां रहा रनरअप
जिला स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 में विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति और परंपरा के रंग, मंच पर उतारे
सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिला स्तरीय कल्चर फेस्ट-2026 में विद्यार्थियों ने लोकनृत्यों के जरिए हरियाणवी संस्कृति और परंपरा के रंग मंच पर उतारे। सीनियर वर्ग की सोलो और ग्रुप फोक डांस प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों की धुन पर कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। सोलो फोक डांस में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहुवाला द्वितीय ने पहला स्थान हासिल किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाथूसरी कलां दूसरे और केजेबीवी रत्ता खेड़ा तीसरे स्थान पर रहा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डबवाली को सांत्वना पुरस्कार मिला।
ग्रुप डांस में भी साहुवाला आगे
ग्रुप फोक डांस में भी साहुवाला-द्वितीय ने बाजी मारी। नाथूसरी कलां दूसरे और साहुवाला-1 तीसरे स्थान पर रहा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, द आर्यन स्कूल की प्रधानाचार्या श्वेता महेश्वरी, कार्यक्रम इंचार्ज एईईओ हरबंस सिंह और नोडल अधिकारी राजेश मल्होत्रा ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
बीईओ रमेश कुमार ने कहा कि लोक नृत्य विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुनील कुमार (ड्रामा अनुदेशक), डीपीई विकास, रामवीर, पवन कुमार, हरबंस सिंह बराड़ सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।