Kachhua: नाले में तैरता मिला दुर्लभ कछुआ, सभासद ने रेस्क्यू कर तालाब में छोड़ा
नाले में तैरता मिला दुर्लभ कछुआ, सभासद ने रेस्क्यू कर तालाब में छोड़ा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के मुख्य मार्ग पर गंदे पानी की निकासी के लिए नगरपालिका परिषद के द्वारा बनाए गए नाले एक दुर्लभ कछुआ तैरते हुए मिला है, जिसे नामित सभासद रोहताश सैनी ने रेस्क्यू करके तालाब में छोड़ दिया। शासन की ओर से कैराना कस्बा निवासी रोहताश सैनी को नगरपालिका परिषद कैराना का सभासद नामित किया गया है। वह भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के शामली जिला उपाध्यक्ष के पद पर भी है। कस्बे के मुख्य मार्ग पर विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मुख्य द्वार के निकट उनकी मोटर मैकेनिक की दुकान है। रविवार को वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें दुकान के सामने से गुजर रहे गंदे नाले के पानी में एक कछुआ तैरता हुआ नजर आया।
इस पर नामित सभासद ने अपने पड़ोसी शहजाद मिस्त्री की सहायता से कछुए को बाहर निकाला तथा उसे प्लास्टिक की बाल्टी में भरे साफ पानी में रख दिया। इसके पश्चात, रोहताश सैनी कस्बे के प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर के निकट स्थित तालाब पर पहुंचे तथा रेस्क्यू किये गए कछुए को तालाब के पानी में छोड़ दिया। हालांकि कछुआ गंदे नाले तक कैसे पहुंचा। इसके बारे के कोई जानकारी नही हो सकी है। विदित रहे कि भारत में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत जंगली कछुओं को पकड़ना या पालना अथवा उनकी तस्करी करना गैर-कानूनी है, जिसके लिए आरोपी व्यक्ति को जेल तक हो सकती है।