अनुशासन और जिम्मेदारी से पहचानी जाती है विद्यार्थी की असली प्रगति: विवेक उपाध्याय
कस्बे के झाड़खेड़ी मार्ग पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का शानदार आयोजन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के झाड़खेड़ी रोड पर स्थित द न्यू हाइट्स एकेडमी के प्रांगण में ऑल इंडिया शोटोकान कराटे-डो स्कूल के तत्वावधान में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का शानदार एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता, आत्मरक्षा की भावना एवं दृढ़ संकल्प को विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात, अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने कराटे की विभिन्न तकनीकों, आत्मरक्षा कौशल एवं शारीरिक संतुलन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।विशेष प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने टाइल्स एवं पत्थर तोड़ने की कला प्रस्तुत कर अपनी एकाग्रता, साहस और वर्षों के अभ्यास की झलक दिखाई, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
कराटे प्रशिक्षक कोच ओमप्रकाश के निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने कराटे की तकनीकों को सीखा और उनमें निपुणता हासिल की। उनके प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ विभिन्न कराटे कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रेडिंग टेस्ट के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी तकनीक, गति, संतुलन, एकाग्रता एवं अनुशासन का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत व्हाइट बेल्ट से ऑरेंज बेल्ट(10th Kyu से 9th Kyu) के लिए बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के 15 विद्यार्थियों उत्कर्ष चौहान, शिवाजी सैनी, बिंदु चौहान, अक्षु, आरज़ू सैफी, कनक, पूर्वी सैनी, वंशिका सैनी, जयश्री सैनी, हरमन चौहान, काश्वी सैनी, सूर्य सैनी, कनिषा सैनी एवं सुफियान सैफी और निशा शेख ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि 'किसी भी विद्यार्थी की असली प्रगति केवल उसके परिणामों से नहीं, बल्कि उसके भीतर विकसित हो रहे आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी से पहचानी जाती है। कराटे जैसी गतिविधियाँ बच्चों को चुनौतियों के सामने डटे रहना और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाना सिखाती हैं। हमारा प्रयास है कि हमारे विद्यार्थी कक्षा के भीतर ज्ञान अर्जित करने के साथ-साथ जीवन के मैदान में भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।' उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का प्रदर्शन उनकी मंज़िल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की एक नई शुरुआत है। इस दौरान नीरजा उपाध्याय, माफिया सैफी, मनु देवी, दीपक कुमार, रश्मि, अमित कुमार सहित सभी सम्मानित अभिभावक उपस्थित रहे।