2 अवैध पिस्टल और 23 कारतूसों सहित आरोपी गिरफ्तार
2 अवैध पिस्टल और 23 कारतूसों सहित आरोपी गिरफ्तार
चरखी दादरी (सच कहूँ न्यूज)। Charkhi Dadri News: चरखी दादरी पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर बदमाश को हथियारों के जखीरे सहित काबू किया है। दादरी के पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देशानुसार सीआईए स्टाफ की टीम ने लोहारू चौक के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े राजीव शर्मा उर्फ राजू निवासी दिनोद रोड भिवानी) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 2 अवैध पिस्टल, 2 मैगजीन तथा 23 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
दादरी के डीएसपी धीरज कुमार ने मंगलवार को बताया कि सीआईए टीम ने समय रहते आरोपी को दबोचकर किसी संभावित वारदात को टाल दिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या सहित 2-3 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि वह ये हथियार कहां से लाया था और इनका इस्तेमाल किस वारदात या तस्करी में होना था।