Vaccination: गोवंशों को बीमारी से बचाव हेतु किया जाए शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन: एसडीएम
तहसील मुख्यालय पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई गौ आश्रय स्थल समिति की बैठक
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: मंगलवार को एसडीएम कैराना शिवाजी यादव की अध्यक्षता में तहसील मुख्यालय पर गौ आश्रय स्थल समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान एसडीएम को बताया गया कि कांधला क्षेत्र के ग्राम नाला में स्थित गौशाला में टीन शेड की आवश्यकता है, जिस पर एसडीएम ने स्थलीय पैमाईश के आधार पर कवर्ड एरिया व शेष भाग पर टीन शेड लगवाने व बरसात के समय में गौशाला में पानी भरने की समस्या का समाधान कराने हेतु बीडीओ कांधला को निर्देशित किया। बैठक में बताया गया कि ग्राम तितरवाडा में स्थित गौशाला में कुल 52 गोवंश है, जिनके लिए चारे व अन्य सामान की पर्याप्त व्यवस्था है। ग्राम रामडा में स्थित गौशाला में चारा बोने के लिए भूमि व गोवंश के आश्रय हेतु टीन शेड लगवाने पर चर्चा की गई। बैठक बताया गया कि ग्राम गुज्जरपुर स्थित गौशाला में टीन शेड लगवाने का प्राक्लन तैयार करा दिया गया है, जिसमें कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराया जायेगा।
एसडीएम ने बैठक में मौजूद पशु चिकित्साधिकारी को सभी गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण करके समय-समय पर वैक्सीनेशन का कार्य सौ प्रतिशत पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि गौशाला में बीमार पशुओं की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वेक्सीनेशन करें। साथ ही, मृत पशुओं की सूचना पोर्टल पर फीड कराने व पोर्टल को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने सभी गौशालाओं में कार्यरत केयर टेकर का वेतन समय से देने हेतु निर्देशित किया। इसके अलावा, सभी गौशालाओं में ठंड के मौसम की शुरूआत से पहले ही पर्दे, तरपाल, अलाव, मरकरी लाईट आदि की व्यवस्था कराने को कहा गया। एसडीएम ने सभी गौशालाओं में चारा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए किसानों से चारे के लिए अनुबंध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी गौशालाओं में पर्याप्त चारा व पानी की व्यवस्था कराने को कहा। इस अवसर पर नायब तहसीलदार आकाश चौधरी, खण्ड विकास अधिकारी कैराना रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।