मलोट में 15 करोड़ का ‘क्राफ्ट कॉरिडोर’ प्रोजेक्ट शुरू, कैबिनेट मंत्री सौंद और डॉ. बलजीत कौर ने रखा नींव पत्थर
मलोट में 15 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा ‘क्राफ्ट कॉरिडोर’
मलोट (सच कहूँ/मनोज)। Malout News: पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद और सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सोमवार को विधानसभा हलका मलोट के श्री गुरु रविदास नगर में 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले ‘मलोट क्राफ्ट कॉरिडोर’ प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौंद ने बताया कि ‘मलोट क्राफ्ट कॉरिडोर’ के तहत तैयार होने वाली हेरिटेज स्ट्रीट को पूरा होने में करीब छह महीने का समय लगेगा। इसमें श्री गुरु रविदास नगर की चार गलियों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस नगर में बड़ी संख्या में लोग पंजाबी जूतियां बनाने का काम बड़े स्तर पर करते हैं। इस क्षेत्र में कई कुशल कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। हेरिटेज स्ट्रीट बनने से उन्हें सुंदर और स्वच्छ वातावरण मिलेगा तथा उनके कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके प्रयासों से ही संभव हुआ है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को शुरु करने की मंजूरी दी और श्री गुरु रविदास नगर में चल रहे कारोबार को और बढ़ावा देने के लिए फंड जारी किए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) डैवी गोयल, चेयरमैन सहकारी बैंक पंजाब जगदेव सिंह बांम, जिला प्रधान जशन बराड़, कार्यकारी इंजीनियर दलजीत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर अमनदीप सिंह, जिला परिषद सदस्य कुलविंदर सिंह, नगर परिषद प्रधान मलोट जोनी गर्ग, श्री गुरु रविदास मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रवीण कुमार, शहरी प्रधान सोम कालड़ा, सत्तपाल गिरधर, कार्यालय प्रभारी, जगतेज सिंह एमसी, श्री गुरु रविदास नगर के वरिष्ठ नेता सागर मल्ल, हरमेल सिंह पूर्व पार्षद, पीए अर्श सिद्धू, पीए छिंदर पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।