नशे और अवैध हथियार तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

नशे और अवैध हथियार तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

Published On

अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: अमृतसर की पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.549 किलोग्राम हेरोइन, 5.459 किलोग्राम अफीम और एक अवैध .30 बोर पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है।  पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के माध्यम से हेरोइन, अफीम तथा अवैध हथियारों की खेप हासिल कर आगे आपूर्ति करते थे। पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी हासिल की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर की इंदिरा कॉलोनी निवासी राजिंदर सिंह (27), गवाल मंडी निवासी विनय (26), अमृतसर के गांव वरनाली हरसा छीना निवासी प्रदीप सिंह (37), अटारी निवासी करन सिंह उर्फ करन (24), नवनीत उर्फ कीड़ा (18), जसनदीप सिंह उर्फ धुन्नी (19), बाबा बूढ़ा सिंह कॉलोनी निवासी बलजिंदर सिंह (37) तथा अमृतसर ग्रामीण के गांव बोपाराय बाज सिंह निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत (25) के रुप में हुई है। इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट, थाना ए-डिवीजन और थाना छेहरटा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाया जा रहा है। डीजीपी ने कहा कि मामलों की आगे की जांच जारी है।

 

About The Author

Related Posts