पुलिसकर्मियों पर मुकद्दमा दर्ज करने की मांग को लेकर सपाइयों ने घेरा थाना, की नारेबाजी
तीन घंटे तक राज्यसभा सांसद ने पार्टी नेताओं संग थाने में दिया धरना, मचा रहा हड़कंप
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: चोरी के शक में शिकोहाबाद पुलिस द्वारा युवक को थाना लेकर आने के बाद युवक की गर्भवती पत्नी अंजलि जाटव की बच्चे की जन्म देने के साथ ही ब्लीडिंग के बाद हुई मौत के मामले में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला। इस दौरान सांसद ने वहां पर मृतका के परिजनों से जानकारी हासिल की तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही । बातचीत के दौरान उन्होंने घटना के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पुलिस ने एक निर्दोष व्यक्ति को अवैध रूप से हिरासत में लिया, तथा गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया जिससे उसकी मौत हुई हैं, यह घटना दिल को झकझोर देने वाली घटना है।
इस संबध में उन्होंने डीएम से फोन पर बातचीत कर आरोपी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की । सांसद ने कहा कि इसमें तो दोषियों पर एससीएसटी, हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए था। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। वह परिवार को न्याय दिलाकर रहेंगे। उसके बाद राज्यसभा सांसद पार्टी के विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक सहित अन्य सपाइयों के साथ थाने पहुंचे जहां उन्होंने धरना दिया । दोपहर करीब 1:15 मिनट पर सपा नेता शिकोहाबाद थाना परिसर में पहुंचे तथा धरने पर बैठा गए। सांसद सहित अन्य नेताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर करीब तीन घंटे धरना दिया । अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
मंगलवार को पीड़ित परिवार से गांव लभौआ में मुलाकात करने के बाद सपा के राज्य सभा सांसद रामजीलाल सुमन सीधे अपने काफिले के साथ थाने पहुंचे और अपनी मांग को लेकर थाने परिसर धरने पर बैठ गए। सूचना पर एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, एएसपी जयबिंद कुमार गुप्ता, एडीएम न्यायिक अरविंद कुमार, तहसीलदार कीर्ति चौधरी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए । दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खुद एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी सपा नेताओं के बीच पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाही की मांग की। इसके बाद एसपी ग्रामीण ने तीन दिन के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इधर सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि उन्हें तीन दिन में कार्रवाही का आश्वासन मिला है। यदि तय समय में कार्रवाही नहीं हुई तो वह दोबारा थाने पहुंचकर धरना देंगे । इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, पूर्व विधायक अजीम भाई, पूर्व एमएलसी डॉक्टर दिलीप यादव , रामसेवक यादव, समाजसेवी अब्दुल वाहिद, पूर्व विधायक रामवीर सिंह, धर्मेंद्र यादव, खालिद नसीर, रामसेवक यादव, पूर्व विधायक अजीम भाई, सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव, मीना राजपूत, डा. अजब सिंह यादव, प्रांतीय युवा नेता शिवा झाऊलाल यादव, प्रदेश सचिव जगमोहन यादव, के वी यादव, गौरव यादव आदि सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।