Civil Hospital News: सिविल अस्पताल में गर्भवती महिला और नवजात की मौत
परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप, पुलिस जांच शुरू
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: बादशाह खान सिविल अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती 22 वर्षीय गर्भवती महिला रीना और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम बोर्ड से कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला की सास धर्मवती के अनुसार, रीना को बुधवार को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को अचानक उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों का आरोप है कि काफी देर तक डॉक्टर ने उसे नहीं देखा और बाद में रेफर कर दिया गया। पति अजय के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक वे डॉक्टर का इंतजार करते रहे। उन्होंने बताया कि रीना की शादी दो साल पहले हुई थी और यह उनका पहला बच्चा था।
पुलिस जांच अधिकारी देवदत्त के अनुसार, डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर महिला की मौत हाई बीपी के कारण होने की बात बताई है। तबीयत बिगड़ने पर उसे रेफर किया गया था। पुलिस के अनुसार, महिला के गर्भ में बच्चे की भी मौत हो गई। वहीं, मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि रेफर किए जाने के बाद ससुराल पक्ष उसे निजी अस्पताल नहीं ले गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।