भाजपा का ‘डबल इंजन’ विकास में हुआ फेल, खस्ताहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
जटवाड़ा क्षेत्र की मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग, कांग्रेस ने 10 दिन में काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
सोनीपत,(सच कहूं)। शहर की बदहाल सड़कों और नागरिक सुविधाओं की अनदेखी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा की तथाकथित ‘डबल इंजन’ सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा । पुलिस लाइन के पीछे स्थित जटवाड़ा क्षेत्र की लंबे समय से बदहाल और जर्जर पड़ी मुख्य सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने की। इस दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताया।
शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि भाजपा हर मंच से ‘डबल इंजन सरकार’ के विकास का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन हकीकत यह है कि जमीन पर विकास शून्य है। पुलिस लाइन के पीछे जटवाड़ा की सड़क पिछले लंबे अरसे से बदहाली के आंसू बहा रही है। सड़क में बने गहरे-गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय दुकानदारों का यहां से निकलना दूभर हो चुका है।
उड़ती धूल से लोग सांस की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, लेकिन कुंभकर्णी नींद सोए निगम अधिकारियों और भाजपा नेताओं के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कमल दिवान ने कहा कि यदि अगले 10 दिन के भीतर इस मुख्य सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लाक अध्यक्ष दीपक चावला, बिजेन्दर मलिक, जयवीर राठी, वार्ड पार्षद बिटू लाठिया, ऋतुराज, देवेन्द्र मलिक, बलवान, रामप्रकाश, सतबीर सिंह, नरेन्द्र दहिया, शीलक मलिक, आजाद, सुरेश, महावीर दहिया, रामकरण, विजेन्द्र मलिक, दीपक चावला, नवीन मौजूद रहे।