अवैध पटाखों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, मालिक सहित 4 गिरफ्तार
ट्रक और पिकअप में लोड थे पटाखे
कलायत (सच कहूँ न्यूज)। Kalayat News: सीआईए कलायत की टीम ने बिना लाइसेंस और परमिट के विस्फोटक पदार्थ से पटाखे तैयार कर दूसरे राज्यों में सप्लाई करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक और पिकअप से कुल 571 पेटियां पटाखे बरामद की हैं। प्रत्येक पेटी में 40 डिब्बे मिले। पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि करनाल रोड स्थित पत्थर मार्केट के सामने खाली जगह पर एक ट्रक और पिकअप खड़े हैं, जिनमें भारी मात्रा में पटाखे भरे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों रोहित, सलमू और शलोक को काबू किया। पूछताछ में वे पटाखों से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सके। फायर ब्रिगेड की जांच में पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। ट्रक से 471 और पिकअप से 100 पेटियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पटाखे असंध, करनाल निवासी राजिंदर की फैक्ट्री में तैयार किए गए थे। इसके बाद पीएसआई सौरभ की टीम ने दबिश देकर फैक्ट्री मालिक राजिंदर को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।