मानहेरू की बेटी गुंजन जांगड़ा ने रचा इतिहास, नेशनल यूथ एथलेटिक्स में जीता सिल्वर मेडल

गुंजन जांगड़ा ने 5.6 फीट की लगाईं ऊंची कूद, गांव में हुआ स्वागत

Published On

National Youth Athletics Championship: भिवानी, (सच कहूँ न्यूज)। खेल नगरी भिवानी की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। भिवानी जिले के गांव मानहेरू की होनहार एथलीट गुंजन जांगड़ा ने पंजाब के लुधियाना में आयोजित 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश में दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल जीतकर अपने गांव व पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।

गुंजन ने इस प्रतियोगिता की ऊंची कूद स्पर्धा में 5.6 फीट ऊंची छलांग लगाकर यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। पदक जीतने के बाद गुंजन के पैतृक गांव मानहेरू पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सरपंच सतीश सिंह ने गुंजन जांगड़ा का सम्मान करते हुए 5100 की सम्मान राशि से सम्मानित किया।

मेहनत और अनुशासन है सफलता का राज

गुंजन के पिता संजय जांगड़ा और दादा धर्मवीर जांगड़ा व लक्ष्मी नारायण ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि गुंजन बचपन से ही बेहद मेहनती, अनुशासित और खेल के प्रति समर्पित रही है। उसने दिन-रात मैदान पर पसीना बहाया है। आज उसकी इस उपलब्धि ने केवल हमारे परिवार का ही नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र और हरियाणा प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि वह आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर तिरंगा लहराएगी।

समारोह में उपस्थित परिजनों सुखवीर, मुकेश, सतपाल तथा सरपंच सतीश सिंह और अन्य गणमान्य लोगों ने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि की बेटियां जब संसाधनों की कमी के बावजूद राष्ट्रीय पटल पर चमकती हैं, तो वे पूरे समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन जाती हैं। समारोह में गुंजन की इस कामयाबी के पीछे उनके प्रशिक्षकों पवन कोच और विक्रम मोगली कोच की कड़ी मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन की भी सराहना की गई। इस अवसर पर कैप्टन विजय सिंह, सुजान सिंह परमार, सूबेदार मेजर रामोतार स्वामी, सूबेदार राजेन्द्र पंघाल, सरपंच सतीश सिंह, विनोद स्वामी, बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर समिति मानहेरू के सदस्य तथा आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts