Bomb Threat: बरनाला के अदालती परिसर को बम से उड़ाने की मिली धमकी

पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने चलाया व्यापक सर्च ऑपरेशन, लोगों में सहम

Published On

बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: जिला बरनाला के अदालती परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अदालती परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल प्राप्त हुई। धमकी की खबर फैलते ही अदालत में मौजूद लोगों में दहशत और सहम का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और पूरे परिसर को घेरकर बड़े स्तर पर सर्च आॅपरेशन शुरु कर दिया।

जानकारी के अनुसार यह धमकी भरी ई-मेल उस समय आई, जब अदालत परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत चल रही थी। इसके चलते कचहरी परिसर में जजों, वकीलों, अदालत के कर्मचारियों के अलावा अपने मामलों के निपटारे के लिए आए लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी। जैसे ही बम की धमकी की खबर फैली, पुलिस ने तुरंत विशेष टीमों को मौके पर भेजकर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों के साथ अदालती परिसर में पहुंची। टीमों ने अदालत के कमरों, वकीलों के चैंबरों, वाहन पार्किंग और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

जिला पुलिस अधीक्षक मोहम्मद सरफराज आलम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि धमकी वाली ई-मेल मिलते ही डीएसपी जसविंदर कौर की अगुवाई में पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को तुरंत कचहरी भेजा गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस द्वारा हर पल पूरी निगरानी रखी जा रही है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी भरी ई-मेल कहां से और किसने भेजी है।

About The Author