मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी
रात को छत पर सो रहा था परिवार, नीचे कमरों में घुसकर अलमारी खंगाल गए अज्ञात चोर
हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र की ढाणी 12 डीपीएन में अज्ञात चोर एक मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार मकान की छत पर सो रहा था। देर रात पानी पीने के लिए नीचे आए मकान मालिक को मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और कमरे का सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। अलमारी में रखे जेवरात गायब मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार ढाणी 12 डीपीएन निवासी राजेन्द्र (45) पुत्र बुलाराम गुर्जर ने रिपोर्ट दी कि वह 6 सितंबर की रात करीब 11 बजे परिवार सहित मकान की छत पर सोने गया था। नीचे कमरों और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। रात करीब 2 बजे वह पानी पीने के लिए नीचे आया तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
परिवादी के अनुसार चोर करीब 1.5 तोला सोने के झुमके, मंगलसूत्र, आधा तोला सोने के छोटे झुमके, सोने का लॉकेट, सोने के तीन माणिए सहित चांदी की पाजेब, चांदी की चेन, चांदी का नारियल व चांदी की चुटकियां चोरी कर ले गए। परिवादी की रिपोर्ट पर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तफ्तीश हैड कांस्टेबल रमेश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर चोरी की वारदात का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।