Fire: हार्डवेयर-सेनेटरी की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

धुआं उठता देख कर्मचारी ने मालिक को दी सूचना

Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: जिले के गांव खांडा खेड़ी में जींद-भिवानी रोड स्थित बालाजी हार्डवेयर एवं सेनेटरी स्टोर में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बिजली, हार्डवेयर और सेनेटरी का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात ड्यूटी से लौट रहे गांव के एक कर्मचारी ने दुकान से धुआं निकलता देखा। उसने तुरंत दुकान मालिक सतीश वर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 पर भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग तेजी से फैलने के कारण शुरूआती प्रयासों में दमकल कर्मियों को इसे नियंत्रित करने में काफी परेशानी हुई। बाद में दो दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने तक दुकान में रखा बिजली, हार्डवेयर और सेनेटरी का लगभग पूरा सामान जल चुका था।

दुकान मालिक सतीश वर्मा ने बताया कि वह खांडा खेड़ी के ही रहने वाले हैं और लंबे समय से हार्डवेयर एवं सेनेटरी का कारोबार कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। रात में आग की सूचना मिलने पर जब वह दुकान पर पहुंचे तो आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि आग बुझने तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। जले हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। दुकान परिवार की आय का मुख्य साधन थी, ऐसे में आग की इस घटना से परिवार के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

Hansi News
Hansi News: हार्डवेयर-सेनेटरी की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

About The Author

Related Posts