लुधियाना में एजीटीएफ की गैंगस्टरों के साथ मुठभेड़, दो गैंगस्टर ढेर

आत्मा पार्क के निकट हुई मुठभेड़, पुलिस ने 3 ऑटोमेटिक पिस्टल किए बरामद

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरिंद्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: लुधियाना में रविवार को एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने 2 गैंगस्टरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोपहर बाद करीब 3 बजे आत्मा पार्क के बाहर एजीटीएफ और गैंगस्टरों में मुठभेड़ हुई। एजीटीएफ टीम को देखते ही गैंगस्टरों ने फायरिंग शुरु कर दी। इसके बाद एजीटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई।

घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना के पुलिस कमिश्नर (सीपी) स्वपन शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम जांच के लिए पहुंच गई है। सीपी ने कहा कि सूचना हमारे पास पहले से थी। ये जॉइंट आॅपरेशन था। एजीटीएफ के पास गैंगस्टरों संबंधी पहले से ही इनपुट थी। उन्होंने कहा कि मारे गए दोनों युवक (शूटर) अमृतसर के रहने वाले थे। ये विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के संपर्क में थे। डोनी बल ही इन्हें गाइड कर रहा था और उसी ने टारगेट के साथ-साथ हथियार भी मुहैया करवाए थे।

सीपी ने कहा कि यह पूरी घटना इंटर-गैंग राइवलरी (वर्चस्व की लड़ाई) का हिस्सा है, जो 2016 के रवि ख्वाजके मर्डर और दविंदर बंबीहा (जिसका 2016 में बठिंडा में एनकाउंटर हुआ था) गैंगवार से जुड़ी है। शूटरों को रविवार को रवि ख्वाजके की याद में लगे ब्लॅड डोनेशन कैंप में विरोधी गैंग के लोगों को अपना निशाना बनाना था। जहां मुठभेड़ हुई, वहां से कैंप की दूरी 900 मीटर थी।

जानकारी के अनुसार दोनों शूटर मोटरसाइकिल पर सवार थे। जब पुलिस ने उन्हें रोका, तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी पर गोलियां चला दीं। इस पूरी मुठभेड़ में कुल 25 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने मौके से तीन 9 एमएम की आॅटोमैटिक पिस्टल (सोफिस्टिकेटेड वेपन) बरामद की हैं। मुठभेड़ के वक्त भी हथियारों के चेंबर में गोलियां पूरी तरह लोड थी। मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से इस पूरे गैंग नेटवर्क के साथ जुड़ी कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Related Posts