Ayushman Card News: आयुष्मान डेटा नष्ट कर डॉक्टर से 5.70 लाख रुपये ऐंठे, गिरफ्तार
शिकायतें वापस लेने के नाम पर बैंक खातों में कराया भुगतान
हिसार (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Ayushman Data News: डाबड़ा चौक स्थित सूर्या अस्पताल का आयुष्मान डेटा नष्ट करने के बाद विभिन्न सरकारी विभागों में शिकायतें देकर डॉक्टर को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और शिकायतें वापस लेने के नाम पर 5.70 लाख रुपये ऐंठने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने पूर्व आयुष्मान मित्र रोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सूर्या अस्पताल के संचालक डॉ. राजीव अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में अर्बन एस्टेट निवासी रोहित को अस्पताल में आयुष्मान मित्र के पद पर नियुक्त किया था। जनवरी 2026 में नौकरी से इस्तीफा देने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर धोखाधड़ी की नीयत से अस्पताल की आयुष्मान आईडी बंद कर दी। इसके साथ ही मरीजों से संबंधित काफी डेटा भी नष्ट कर दिया गया।
चार सरकारी विभागों में शिकायतें देकर बनाया दबाव
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद रोहित ने आयुष्मान विभाग, सीएमओ कार्यालय, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और जीएसटी कार्यालय में अस्पताल व डॉक्टर के खिलाफ शिकायतें दीं। आरोप है कि इन शिकायतों को वापस लेने के नाम पर डॉक्टर पर दबाव बनाया गया और बैंक खातों में रकम स्थानांतरित करवाकर कुल 5 लाख 70 हजार रुपये ले लिए गए। पुलिस के अनुसार, रकम लेने के बावजूद आरोपी ने जून में एक बार फिर अलग-अलग सरकारी विभागों में शिकायतें कर दीं। इसके बाद उसने दोबारा पैसे की मांग की।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित विभागों तथा बैंकों से दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने आयुष्मान विभाग, ईपीएफओ, जीएसटी कार्यालय, सीएमओ कार्यालय और संबंधित बैंकों से जानकारी एवं साक्ष्य एकत्र किए। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।