शिक्षा और रोजगार
इस परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने जारी किये जिलों को जरुरी आदेश
हरियाणा बोर्ड साल में दो बार कराएगा परीक्षा, 2028 तक पास करना होगा टेस्ट
Haryana HTET 2026: चंडीगढ़, (सच कहूँ ब्यूरो)। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उन शिक्षकों की नौकरी अब हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) से जुड़ गई है, जिनकी पहली सितंबर, 2025 को सेवानिवृत्ति तक पांच साल से ज्यादा सेवा बाकी थी और उन्होंने अभी तक यह परीक्षा पास नहीं की है। निर्धारित समय में परीक्षा पास नहीं करने पर सेवा छोड़नी पड़ सकती है अथवा अनिवार्य सेवानिवृत्ति का सामना करना पड़ सकता है। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को संबंधित शिक्षकों तक आदेश पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थापना शाखाओं को नियुक्ति और पदोन्नति की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप करने को कहा गया है।
शिक्षकों पर इस व्यवस्था का असर उनकी पहली सितंबर, 2025 को बची हुई सेवा के आधार पर तय होगा। जिनकी उस तारीख को रिटायरमेंट में पांच साल से अधिक समय बाकी था, उन्हें अपने वर्तमान विषय और स्तर के अनुरूप एचटीईटी पास करना होगा। इसके लिए 31 अगस्त, 2028 तक की समय-सीमा तय है।
परीक्षा पास नहीं करने पर विभागीय निर्देशों के मुताबिक सेवा छोड़े अथवा अनिवार्य सेवानिवृत्ति की स्थिति बन सकती है। दूसरी ओर, जिनकी उस तारीख को सेवानिवृत्ति में पांच साल से कम समय बचा था, उन्हें एचटीईटी के बिना सेवानिवृत्ति की उम्र तक नौकरी जारी रखने की अनुमति रहेगी। हालांकि ऐसे शिक्षक एचटीईटी पास किए बिना पदोन्नति हासिल नहीं कर सकेंगे।