शिक्षा और रोजगार
Muzaffarnagar Encounter: तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, बाद में चार चोर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का मामला
Muzaffarnagar Encounter: मुजफ्फरनगर (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार सुबह तितावी थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित तार चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया। इनमें एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार, तितावी थाना पुलिस को तार चोरी करने वाले संदिग्धों के इलाके में सक्रिय होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को कुछ लोग आते दिखाई दिए। रुकने का संकेत दिए जाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
10 कुंतल से ज्यादा चोरी का तार बरामद
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शाहनवाज नामक आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद टीम ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुनैद उर्फ शाहरुख, ताहिर और आसिफ के रूप में बताई गई है। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 10 कुंतल से अधिक चोरी किया गया तार भी बरामद हुआ है। तार को दिल्ली ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही मैजिक गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, शाहनवाज, जुनैद उर्फ शाहरुख और ताहिर भैंसाहेड़ी गांव के रहने वाले हैं, जबकि आसिफ दिल्ली का निवासी बताया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने इससे पहले तार चोरी की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हाथरस में भी पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी पकड़े गए
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के नगला इमलिया में हुई इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अरविंद के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 14 और 15 सितंबर की मध्यरात्रि अरविंद अपने साथियों के साथ एक घर पहुंचा था। आरोप है कि वहां विवाद के दौरान गाली-गलौज की गई और हवाई फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद एसओजी और थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगी थीं। इसी बीच मंगलवार देर रात पुलिस को उनके इलाके से गुजरने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। जवाबी कार्रवाई में अरविंद के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। दोनों मामलों में पुलिस आगे की जांच कर रही है।