बसताड़ा टोल पर स्कॉर्पियो ने पिता-पुत्र को कुचला, दोनों की मौत

स्कूटी से घरौंडा आए थे मेरठ निवासी पिता-पुत्र, अर्टिगा को पीछे से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ने मारी स्कूटी में टक्कर; बेटा मौके पर मरा, पिता ने अस्पताल में दम तोड़ा

Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: नेशनल हाईवे-44 पर बसताड़ा टोल के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई। स्कूटी से घरौंडा की तरफ से बसताड़ा जा रहे पिता-पुत्र को एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेरठ निवासी मोहम्मद जफर घरौंडा में काम करता था। बुधवार को उसका 16 वर्षीय बेटा मोहम्मद अर्श भी पिता के साथ घूमने के लिए आया था। दोनों स्कूटी पर सवार होकर घरौंडा से बसताड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पानीपत से करनाल की तरफ जा रही स्कॉर्पियो के आगे एक अर्टिगा कार चल रही थी। बसताड़ा टोल के पास स्कॉर्पियो ने अर्टिगा को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो स्कूटी से टकरा गई, जिससे अर्श की मौके पर ही मौत हो गई और जफर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को संभाला। अर्श के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया गया, जबकि घायल जफर को इलाज के लिए अर्पणा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। देर शाम इलाज के दौरान जफर ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद गुरुवार को परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है।

मधुबन थाना के एसआई लछमन सिंह ने बताया कि हादसे में मोहम्मद अर्श की मौके पर ही मौत हुई थी, जबकि मोहम्मद जफर की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो और अर्टिगा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

About The Author

Related Posts