सावित्री बाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय में ‘हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026’ के तहत छात्राओं को किया जागरूक
वर्तमान युग में रोजगार प्राप्ति नहीं स्वयं का उद्यम स्थापित करने की हो सोच
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: सावित्री बाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय में ‘हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026’ जो कि केंद्रीय व प्रदेश सरकार के उच्चतर शिक्षा निदेशालय पंचकूला की एक महत्वपूर्ण पहल है एवं जिसका उद्देश्य छात्राओं को उद्यमिता, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना है,के अंतर्गत प्रेरणादायक गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार की अध्यक्षता में कैरियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में उद्यमशील सोच, नवाचार, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम से वक्ता गुरु प्रसाद ने छात्राओं को उद्यमिता के क्षेत्र में सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सहयोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में केवल रोजगार प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि अपने कौशल एवं नवीन विचारों के माध्यम से स्वयं का उद्यम स्थापित करना भी एक प्रभावी कैरियर विकल्प है।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्टार्टअप, उद्यमिता, कौशल विकास तथा कैरियर के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में भाग लिया और अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का नेतृत्व एवं संचालन डॉ नमिता, डॉ रमेश, प्रोफेसर प्रमिला, डॉ सीमांत, डॉ शालिनी,एवं डॉ विजयदीप के निर्देशन में किया गया तथा लगभग 130 छात्राओं ने कार्यक्रम में भागीदारी की।