Gopal Kanda ED Raid: गुरुग्राम में पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा के तीन ठिकानों पर ईडी के छापे
661 निवेशकों से जुड़े 248 करोड़ के रियल एस्टेट मामले में कार्रवाई
Gopal Kanda ED Raid: गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वीरवार को हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा के गुरुग्राम स्थित तीन ठिकानों पर छापामारी की है। इस कार्रवाई के दौरान ईडी द्वारा कांडा के आवास, फार्महाउस और कार्यालय की तलाशी ली गई। ईडी की यह छापामारी रियल एस्टेट कंपनी की ओर से की गई कथित हेराफेरी को लेकर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार इस जांच के दायरे में वाटिका लिमिटेड के चार रियल एस्टेट प्रोजेक्ट हैं। इन परियोजनाओं में करीब 661 निवेशकों से लगभग 248.46 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों के मुताबिक निवेशकों को समय पर कब्जा देने, सुनिश्चित रिटर्न, लीज रेंटल और सेल डीड पूरा करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज तक निवेशकों को ना तो कब्जा दिया गया और ना ही सेल डीड पूरी की गई। ईडी कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।