India vs Afghanistan T20: अभिषेक शर्मा का तूफानी इतिहास! तोड़े सारे रिकॉर्ड

30 गेंदों में जड़ा शतक

Published On

India vs Afghanistan T20: नई दिल्ली (एजेंसी)। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है। अभिषेक ने महज 30 गेंदों में अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया और टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। शतक पूरा करने के दौरान उन्होंने नौ चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक की पारी का अंत 10वें ओवर में राशिद खान ने विकेटकीपर गुरबाज के हाथों कैच कराकर किया। अभिषेक ने 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए।

अभिषेक शुरुआत से ही अलग लय में नजर आए। उन्होंने शुरुआती तीन ओवर में ही चार चौके और चार छक्के जड़ दिए। भारत ने महज 3.3 ओवर में 50 रन पूरे किए, जो इस सीरीज में टीम का सबसे तेज अर्धशतक है। भारत ने पहले टी-20 में 4.2 ओवर और दूसरे टी-20 में 4.4 ओवर में 50 रन पूरे किए थे।

पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर संजू सैमसन को जीवनदान मिला। मोहम्मद नबी की गेंद पर इब्राहिम जादरान ने संजू का कैच छोड़ दिया। उस समय संजू 22 रन बनाकर खेल रहे थे। कैच छूटने के साथ संजू ने एक रन लिया और टी-20 क्रिकेट में अपने 9,000 रन भी पूरे कर लिए। इसके बाद अगली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने केवल 16 गेंदों में 50 रन पूरे किए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल रहे। नबी के इस ओवर में भारत ने कुल 29 रन बटोरे।

पावर प्ले की समाप्ति तक भारत ने 100 रन पूरे कर लिए। भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआती छह ओवर में आठ चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक के बल्ले से आठ चौके और सात छक्के आए, जबकि संजू सैमसन ने तीन छक्के जड़े। इसके बाद अभिषेक ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। उनके शतक में नौ चौके और 10 छक्के शामिल हैं। यह टेस्ट खेलने वाले किसी देश के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे तेज शतक है।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक

  • साहिल चौहान — 27 गेंद, साइप्रस के खिलाफ, 2024
  • मुहम्मद फहद — 29 गेंद, बुल्गारिया के खिलाफ, 2025
  • अभिषेक शर्मा — 30 गेंद, अफगानिस्तान के खिलाफ, 2026
  • जान निकोल लॉफ्टी-ईटन — 33 गेंद, नेपाल के खिलाफ, 2024
  • सिकंदर रजा — 33 गेंद, गांबिया के खिलाफ, 2024
  • फिन एलन — 33 गेंद, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, 2026
  • कुशल मल्ला — 34 गेंद, मंगोलिया के खिलाफ, 2023

About The Author

Related Posts