शिक्षा और रोजगार
Government Hospital News: राजकीय चिकित्सालय में मरीजों की लंबी कतारों से परेशानी
रोजाना करीब 500 ओपीडी पंजीकरण, एक-एक काउंटर होने से बुजुर्गांे, महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही दिक्कत
Government Hospital News: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन में लाल चौक के नजदीक स्थित राजकीय चिकित्सालय में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच ओपीडी पंजीकरण और दवा वितरण के लिए अतिरिक्त काउंटर शुरू करने की मांग उठी है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपकर मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था करवाने की मांग की।
सुशील बहल ने बताया कि राजकीय चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में रोजाना करीब 500 ओपीडी पंजीकरण होते हैं, जबकि वर्तमान में ओपीडी पंजीकरण तथा दवा वितरण केन्द्र पर एक-एक काउंटर ही संचालित किया जा रहा है। इसके चलते मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है।
सीमित काउंटरों के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होने के साथ ही अस्पताल परिसर में अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति भी बनती है। बहल ने जिला कलक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए ओपीडी पंजीकरण के अतिरिक्त काउंटर तथा दवा वितरण केन्द्र पर भी अतिरिक्त काउंटर स्वीकृत कर शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।
साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग काउंटर निर्धारित करने और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करवाने के निर्देश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त काउंटर शुरू होने से मरीजों को समय पर उपचार एवं दवाइयां मिल सकेंगी और अस्पताल में लगने वाली लंबी कतारों तथा अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी। इस मौके पर अरुण, अरविन्द कुमार, मंगतराम, रोशन, संजीव थिन्द, मुकेश कुमार, गगन, शिवकरण सिंह सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद थे।
