शिक्षा और रोजगार
Nagaon Car Fire: असम में स्ट्रीट लाइट पोल से टकराकर धधकी कार, 3 जिंदा जले; 2 गंभीर
असम के नगांव गांव में हुआ भीषण हादसा
Nagaon Car Fire: गुवाहाटी (सच कहूँ/एजेंसी)। असम के नगांव जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार प्रकाश में आया है जिसमें 3 लोगों के जिंदा जलने की सूचना प्राप्त हुई, जबकि इस हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसा पुरानेगुदाम इलाके के केनापट्टी के पास हुआ, जहां अरुणाचल प्रदेश से गुवाहाटी की ओर जा रहा वाहन सड़क के बीच लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक ने किसी वजह से गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन सीधे स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ा। टक्कर के बाद वाहन में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही समय में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। वाहन में सवार तीन लोग आग के बीच फंस गए। आग की तीव्रता के कारण वे समय रहते बाहर नहीं निकल सके और गंभीर रूप से झुलसने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में विकास कुमार और सोनू कुमार समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्रारंभिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में दोनों को बेहतर इलाज के लिए गुवाहाटी रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, वाहन में सवार लोग मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और गुवाहाटी की तरफ जा रहे थे। जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि हादसे में मारे गए तीनों व्यक्ति रास्ते में वाहन में सवार हुए थे।
पुलिस अब मृतकों की पहचान और उनके वाहन में सवार होने की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक वाहन विकास कुमार का था और दुर्घटना के समय सोनू कुमार गाड़ी चला रहा था। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन चालक ने नियंत्रण क्यों खोया और दुर्घटना के समय वाहन की गति समेत अन्य परिस्थितियां क्या थीं।