HBSE News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने स्वयंपाठी विद्यार्थियों को दिया बड़ा तोहफा

30 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क भर सकेंगे शुल्क

Published On

सरसा/गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल-सुनील वर्मा)। दसवीं और बारहवीं की स्वयंपाठी परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को अब आवेदन पत्र जमा करवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सरसा जिले में चार विद्यालयों में अध्ययन केंद्र शुरु किए हैं। इन केंद्रों पर विद्यार्थी आवेदन से जुड़ी जानकारी लेने के साथ अपना आवेदन पत्र भी जमा करवा सकेंगे। साथ ही परीक्षा से संबंधित जरूरी मार्गदर्शन भी एक ही जगह मिलेगा। जिले में हर साल करीब 2 से 3 हजार विद्यार्थी स्वयंपाठी के रूप में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा देते हैं।

चार विद्यालयों में मिलेगी सुविधा

जिले में बनाए गए अध्ययन केंद्रों में एसएसडी विद्यालय कालांवाली, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला मैदान सरसा, गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर बेगू और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोरीवाला शामिल हैं। इनमें दो सरकारी और दो निजी विद्यालय हैं। विद्यार्थी 30 सितंबर तक 3,500 रुपए निर्धारित शुल्क के साथ बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर तक 1,500 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर रहेगा। आवेदन करते समय संबंधित अध्ययन केंद्र का कोड चुनना होगा और आवेदन पत्र उसी केंद्र पर जमा करवाना होगा।

100 अंकों की होगी परीक्षा

इस बार खुले विद्यालय की परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें 50 अंक वस्तुनिष्ठ और 50 अंक विषय आधारित प्रश्नों के होंगे। गोरीवाला अध्ययन केंद्र के प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया के साथ परीक्षा की तैयारी से संबंधित जरूरी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन पूरा करने की अपील की।

 

About The Author

Related Posts