शिक्षा और रोजगार
INSPIRE Award MANAK Yojana: सिरसा के विद्यार्थियों ने कर दिया कमाल, अवॉर्ड मानक योजना में लगातार दूसरी बार पाया पहला स्थान
10 अक्टूबर तक आवेदन प्रक्रिया
INSPIRE Award MANAK Yojana: सिरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। सरसा के स्कूली विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नए विचारों और वैज्ञानिक सोच के मामले में जिला प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े नवाचारों को प्रोत्साहित करने वाली इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना में सरसा ने लगातार दूसरे साल प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को इस बार 1,900 विद्यार्थियों के आवेदन का लक्ष्य मिला था, लेकिन अब तक 1,972 आवेदन हो चुके हैं।
यानी जिला निर्धारित लक्ष्य से 72 आवेदन आगे निकल चुका है। खास बात यह है कि आवेदन की अंतिम तारीख अभी 10 अक्टूबर है। पिछले साल भी सरसा ने प्रदेश में बाजी मारी थी। तब जिले से 1,875 विद्यार्थियों के आवेदन हुए थे। इस बार अभी आवेदन प्रक्रिया पूरी भी नहीं हुई है और आंकड़ा पिछले साल से आगे निकल चुका है। इससे साफ है कि जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों के नवाचारों को लेकर रुचि लगातार बढ़ रही है।
22 जिलों में 24,350 आवेदन, लक्ष्य अभी काफी दूर
प्रदेश के 22 जिलों में अब तक कुल 24,350 आवेदन हुए हैं, जबकि इस बार कुल लक्ष्य 36,150 निर्धारित किया गया है। सरसा के बाद नूंह में 1,442, कुरुक्षेत्र में 1,432, करनाल में 1,427 और हिसार में 1,353 आवेदन हुए हैं। वहीं पंचकूला सबसे निचले पायदान पर है। वहां 900 के लक्ष्य के मुकाबले अभी तक सिर्फ 653 आवेदन हुए हैं।
10 हजार रुपए मिलेंगे, मॉडल को जिला से राष्ट्रीय मंच तक मौका
इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के तहत विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान से जुड़े अपने नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है, जो सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। इसके बाद विद्यार्थियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचार मॉडल प्रस्तुत करने का मौका मिलता है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ 60 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति की ओर से सम्मानित किए जाने का प्रावधान है।
ऐसे में स्कूल स्तर पर तैयार होने वाला एक छोटा-सा विचार विद्यार्थी को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सकता है। पहले यह योजना छठी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए थी। सत्र 2025-26 से 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
किस जिले से कितने हुए आवेदन
जिला आवेदन की संख्या
- सरसा, 1,972
- नूंह, 1,442
- कुरुक्षेत्र, 1,432
- करनाल, 1,427
- हिसार, 1,353
- महेंद्रगढ़, 1,327
- अंबाला, 1,289
- पलवल, 1,229
- गुरुग्राम, 1,211
- फतेहाबाद, 1,126
- सोनीपत, 1,108
- कैथल, 1,026
- झज्जर, 983
- पानीपत, 961
- फरीदाबाद, 945
- जींद, 942
- रेवाड़ी, 939
- चरखी दादरी, 890
- रोहतक, 756
- भिवानी, 678
- यमुनानगर, 661
- पंचकूला, 653
विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता विकसित करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। सरसा के विद्यार्थियों और स्कूलों ने लगातार दूसरे वर्ष लक्ष्य से अधिक आवेदन कर उत्साह दिखाया है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों के नए विचारों को मंच मिले और वे जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा पहुंचा सकें। डा. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सरसा
इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना विद्यार्थियों को अपनी सोच को नवाचार के रूप में प्रस्तुत करने का बेहतर अवसर देती है। जिले ने इस बार भी निर्धारित लक्ष्य को पार किया है। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिभावान विद्यार्थियों के अधिक से अधिक नवाचार पोर्टल पर अपलोड करवाएं, ताकि जिले का प्रदर्शन और बेहतर हो। सुभाष कुमार फुटेला, जिला शिक्षा अधिकारी, सरसा