Pitbull Dog Attack: पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र को 16 जगह काटा
पिटबुल कुत्ते ने सातवीं कक्षा के छात्र को 16 जगह काटा
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: एनआईटी-3 नंबर के बी ब्लॉक में पिटबुल कुत्ते ने 7वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काट लिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद बच्चे का इलाज घर पर चल रहा है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एनआईटी-3 नंबर के बी ब्लॉक निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह बीके चौक पर खाने की रेहड़ी लगाते हैं।
शनिवार शाम उनका 7वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा ग्रन्थ साइकिल लेकर गली में गया था। घर से कुछ दूरी पर वह एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बात कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पिटबुल कुत्ता घर से बाहर निकला और ग्रन्थ पर हमला कर दिया। जितेंद्र का आरोप है कि कुत्ता लगातार उनके बेटे को काटता रहा।
इस दौरान कुत्ते के मालिक ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटने के बाद कुत्ते को बच्चे से अलग किया गया। हमले में उसके हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काटने के निशान
आए हैं।
बीके अस्पताल से किया रैफर
जितेंद्र ने बताया कि हमले के बाद वह घायल बेटे को तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रैफर कर दिया। इसके बाद वह बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए। फिलहाल बच्चे का घर पर ही इलाज कराया जा रहा है। पुलिस कर रही मामले की जांच जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एनआईटी-3 नंबर चौकी में दी है। चौकी इंचार्ज मनोज के अनुसार शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।