औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बढ़ रहे हादसे, पुलिस से शिकायत
औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बढ़ रहे हादसे, पुलिस से शिकायत
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना ब्लॉक के औद्योगिक क्षेत्र कण्डेला में सड़क के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस को शिकायती-पत्र देकर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्यवाही किये जाने की मांग की है। कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला निवासी सरवेस चौहान, संदीप चौहान, सुनील कुमार, रोहित व साहिल आदि ने औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी प्रभारी को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि कण्डेला इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रांसपोर्ट से सम्बंधित भारी वाहन ट्रक आदि सड़क के किनारे एवं सार्वजनिक मार्ग पर खड़े किए जा रहे है, जिसके चलते सड़क पर अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है।
इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों के सड़क पर खड़ा होने से रास्ता संकरा हो गया है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। वाहनों की अवैध पार्किंग आमजन के लिए समस्या खड़ी कर रही है। पत्र में जनहित के दृष्टिगत सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को मौके से हटवाकर उचित स्थान पर खड़ा कराए जाने की मांग की गई है। ताकि आवागमन सुचारु रहे और सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान न होने पर मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी करने की बात कही है।