Police Personnel Transfer: कालांवाली सीआईए इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मियों का तबादला, NDPS मामले को लेकर कार्रवाई

17 सितंबर को जारी हुए तबादला आदेश, एसपीओ की सेवाएं समाप्त

Published On

Police Personnel Transfer: ओढ़ां, (सच कहूँ/राजू)। पुलिस जिला डबवाली की सीआईए कालांवाली में तैनात चार कर्मचारियों पर एक साथ हुई कार्रवाई चर्चा में है। पुलिस मुख्यालय ने 17 सितंबर को आदेश जारी कर सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर विश्व गौरव सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों का तत्काल प्रभाव से जिले से बाहर तबादला कर दिया। वहीं एसपीओ बलकरण सिंह की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों की पालना करते हुए चारों कर्मचारियों को वीरवार रात ही रिलीव कर दिया गया। आदेश के मुताबिक इंस्पेक्टर विश्व गौरव सिंह का तबादला चरखी दादरी, एएसआई रामचंद्र का सोनीपत और सिपाही बादल का पानीपत किया गया है। एसपीओ बलकरण सिंह की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। ये सभी कर्मचारी सीआईए कालांवाली में तैनात थे।

एनडीपीएस मामले से जोड़कर देखी जा रही कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को एक एनडीपीएस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि सीआईए टीम ने करीब एक सप्ताह पहले एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा था। इसके बाद उसे कथित तौर पर छोड़ने की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक स्तर पर जांच के आदेश दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कर्मचारियों पर लगे आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। विभाग की ओर से तबादलों को रूटीन विभागीय प्रक्रिया बताया गया है।

15 दिन में जांच पूरी करने के निर्देश

पुलिस मुख्यालय के आदेशों में यह भी कहा गया है कि यदि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कोई विभागीय जांच लंबित है तो उसे 15 दिन के भीतर पूरा किया जाए, ताकि नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सके। एक साथ चार कर्मचारियों पर कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर है। हालांकि पुलिस कर्मचारी इस मामले में खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। कालांवाली और डबवाली सीआईए की कार्यशैली को लेकर पहले भी समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। तबादलों और कार्रवाई के संबंध में डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर और पुलिस जनसंपर्क अधिकारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन सरकारी नंबरों पर संपर्क नहीं हो सका।

About The Author

Related Posts